ट्रैक्टर चोर ! वांछित शातिर अपराधी गिरफ्तार
गाजीपुर (उत्तर प्रदेश),10 सितम्बर 2018। पुलिस स्वाट टीम तथा नंदगंज थाना पुलिस ने मुखबिर की सूचना पर फरार शातिर अपराधी को कल अवैध असलहा व बाइक संग गिरफ्तार करने में सफलता पायी। उक्त जानकारी अपर पुलिस अधीक्षक प्रदीप कुमार दुबे ने आज पुलिस कार्यालय में पद प्रतिनिधियों को दी।
उन्होंने बताया कि गिरफ्तार अभियुक्त मृत्युंजय कुशवाहा पुत्र नरसिंह कुशवाहा निवासी तरावं थाना सैदपुर का निवासी है। पुलिस ने गिरफ्तारी के दौरान इसके पास से फर्जी नंबर प्लेट लगी अपाची मोटरसाइकिल यूपी 61 एडी 9217 सहित 303 बोर के देसी तमंचा व कारतूस भी बरामद किया है । गिरफ्तार अभियुक्त पर नंदगंज सहित नोनहरा, खानपुर थाने के अतिरिक्त सारनाथ वाराणसी में भी आपराधिक मुकदमे दर्ज हैं। उन्होंने बताया कि यह अभियुक्त अपने साथियों संग मिलकर ट्रैक्टरों की चोरी करते थे और फिर उसे बिहार ले जाकर औने पौने दामों में बेच देते थे। अपर पुलिस अधीक्षक ने बताया कि बिहार में चोरी से बेचे गए ट्रैक्टरों की बरामदगी के लिए पुलिस टीम बिहार भेजी जा रही है। पुलिस टीम में विश्वनाथ यादव निरीक्षक स्वाट टीम तथा कण्व कुमार मिश्र प्रभारी निरीक्षक थाना नंदगंज, उपनिरीक्षक सुरेश कुमार मिश्र व सकलदीप सिंह सहित पुलिसकर्मी उपस्थित रहे। पुलिस अधीक्षक ने पुलिस टीम को ₹12000 नगद पुरस्कार देने की घोषणा की है।
Views: 5









