फरार तस्कर चढ़ा पुलिस के हत्थे
गाजीपुर (उत्तर प्रदेश), 07 सितम्बर 2018 । दिलदारनगर पुलिस ने बारह वर्षों से फरार चल रहे हेरोइनबाज प्रताप सिंह कुशवाहा को क्षेत्र के भक्सी रेलवे क्रासिंग से गिरफ्तार करने में सफलता प्राप्त की है। उक्त जानकारी आज पुलिस अधीक्षक कार्यालय में अपर पुलिस अधीक्षक ग्रामीण चंद्रप्रकाश शुक्ला ने प्रेसवार्ता में दी। उन्होंने बताया कि गिरफ्तार अभियुक्त प्रताप सिंह कुशवाहा पुत्र रामजी कुशवाहा निवासी कुसी थाना दिलदानगर सन 2000 में हेरोइन के साथ पकड़ा गया था जिसपर दिलदारनगर थाने में उसपर अपराध संख्या 454/2000 धारा 8/21 एनडीपीएस एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज था। न्यायालय फास्ट ट्रैक गाजीपुर द्वारा अभियुक्त को पांच वर्ष का कारावास व 1000 रुपये का जुर्माना की सजा सुनाई गई थी। उच्च न्यायालय इलाहाबाद द्वारा 7 जुलाई 2006 को उसकी जमानत हुई थी । अभियुक्त प्रताप सिंह कुशवाहा अभियुक्त न्यायालय में हाजिर न होकर फरार चल रहा था। न्यायालय के आदेश पर उसकी खोज जारी थी और पुलिस उसके सम्भावित ठिकानों पर दबिश दी परन्तु कामयाबी नहीं मिली और उसके परिवार का कहना था कि वह मर चुका है। मुखबिर द्वारा पुलिस को उसके जीवित होने की सूचना मिली थी और तबसे पुलिस उसकी गिरफ्तारी हेतु लगी थी। कल मुखबिर की सूचना पर दिलदारनगर इंस्पेक्टर विमल कुमार मिश्रा ने हमराहियों संग उसे भक्सी रेलवे क्रासिंग के पास से गिरफ्तार कर लिया था। पुलिस ने विधिक कारर्वाई करते हुए उसे जेल भेंज दिया।
Views: 0









