ब्रज में गूंज रही जय-जयकार, आज जन्मेंगे पालनहार

मथुरा/वृन्दावन(उत्तर प्रदेश),03 सितम्बर 2018। आज श्रीकृष्ण जन्मोत्सव को लेकर पूरा ब्रज क्षेत्र दुल्हन की तरह सज गया है। पांच लाख से अधिक दर्शनार्थी व श्रद्धालु जन मथुरा व आसपास के क्षेत्रों में पहुंच चुके हैं। आज मध्यरात्रि में पालनहार प्रकट होंगे। आज भोर से ही जन्मोत्सव के कार्यक्रम शुरू हो गये हैं। श्री कृष्ण जन्मस्थान पर भव्य तैयारियां की गईं हैं। भक्तों की भीड़ व भक्तों की सुरक्षा को लेकर प्रशासन भी चौकस है। यमुना तट से लेकर जन्मस्थान के आसपास व हर दर्शनीय स्थल पर पुलिस बल तैनात है।
ब्रज क्षेत्र में आज दर्शन के लिए देश के कोने-कोने से श्रद्धालु मथुरा-वृन्दावन एवं ब्रज के अन्य धर्मस्थलों की ओर उमड़ पड़े हैं। मथुरा-वृन्दावन की ओर आने वाले हर मार्ग पर लोगों की भीड़ बनी हुई है। लोग मथुरा के श्रीकृष्ण जन्मस्थान, द्वारिकाधीश मंदिर, वृन्दावन के बांकेबिहारी, राधावल्लभ लाल, शाहबिहारी, राधारमण, इस्कॉन मंदिर, स्नेह बिहारी व प्रेम मंदिर, बरसाना के लाड़िली जी, नन्दगांव के नन्दबाबा मंदिर, गोकुल के नन्दभवन आदि के मार्गों पर दर्शनार्थियों की भीड़ लगी हुई है। भीड़ को लेकर सुरक्षा के खासे प्रबंध किए गए हैं। मथुरा-वृन्दावन नगर निगम द्वारा श्रीकृष्ण जन्मस्थान की ओर जाने वाले हर चौराहे- रास्ते को मनोहारी ढंग से सजाया गया है। आज सोमवार की रात्रि में भगवान के जन्म के अवसर 12.00 बजे से 12.10 बजे तक प्रकट्योत्सव, 12.15 से 12.30 बजे तक महाभिषेक कराया जाएगा। तत्पश्चात 12.40 से 12.50 बजे तक श्रृंगार आरती और फिर 1.30 बजे तक दर्शन होंगे।
द्वारिकाधीश मंदिर में आजक्षसुबह 6.00 से 6.15 बजे मंगला, 6.30 से श्रृंगार और 8.30 बजे से ग्वाल राजभोग के दर्शन हो रहे हैं। शाम को 7.30 बजे से भोग संध्या आरती और शयन के दर्शन होंगे। रात को 10 बजे से जागरण और 11.45 बजे भगवान जन्म के दर्शन होंगे। वहीं दक्षिण भारतीय परंपरा के रंगजी मंदिर में आज की रात जन्मोत्सव मनाने के बाद कल नंदोत्सव के दौरान लट्ठा के मेला का आयोजन होगा। अन्य मंदिरों में जन्माष्टमी के लिए तैयारियां की गयी हैं। इस्कॉन मंदिर में जन्मोत्सव पर अष्टप्रहर आरती होगी। रात 9 बजे से हरिनाम संकीर्तन के साथ बारह बजे तक ठाकुरजी का महाभिषेक होगा। इसके बाद महाआरती होगी।
वैसे, ब्रज के हर घर में कान्हा का जन्मोत्सव धुमधाम से हर साल मनाया जाता है और पूरा क्षेत्र कन्हैया के रंग में रंगा दिखता है।


आज प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने श्रीकृष्ण जन्माष्टमी की देशवासियों को शुभकामनाएं दी। उन्होंने ट्वीट कर लिखा, श्रीकृष्ण जन्माष्टमी के पावन अवसर पर सभी को हार्दिक शुभकामनाएं। जय श्रीकृष्ण

Views: 6

Advertisements

Leave a Reply