पर्यावरण सुरक्षा हेतु करें वृक्षारोपण और प्लास्टिक प्रतिबंध पर करें सहयोग – मुख्यमंत्री
बाराबंकी (उत्तर प्रदेश),06 जुलाई 2018। जिले के रामनगर स्थित लोधेश्वर महादेव मन्दिर परिसर में आयोजित वन महोत्सव में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने पर्यावरण संरक्षण हेतु प्रत्येक व्यक्ति से एक वृक्ष लगाने का संकल्प लेनें का आग्रह किया। उन्होने कहा कि आगामी स्वतंत्रता दिवस पर झण्डारोहण के उपरांत पर्यावरण सुरक्षा के मद्देनजर पूरे प्रदेश में धार्मिक महत्व तथा औषधीय गुणों वाले नौ करोड़ पौधे लगाए जाएंगे और उनकी सुरक्षा भी की जाएगी ताकि पर्यावरण के साथ साथ उन पौधों का लाभ भी जनता ले सके। हमारा पर्यावरण जितना बेहतर बनेगा उतना ही हम सब स्वस्थ रहेंगे अन्यथा आज बारिश के मौसम में मानसून की हालत ठीक नहीं दिख रही है, आगे और संकट झेलना पड़ सकता है। पर्यावरण सुरक्षा हेतु उन्होंने कहा कि प्रदेश में प्लास्टिक को पन्द्रह जुलाई से प्रतिबंधित करने का आदेश दिया गया है। उन्होंने प्रदेश को प्लास्टिक मुक्त करने में आम जनता से सहयोग का आग्रह किया । कहा कि 15 जुलाई से प्रदेश में प्लास्टिक के कप, प्लेट, पॉलीथीन इत्यादि का प्रयोग ना हो, यह सुनिश्चित कराने के लिये हम सबको मिलकर काम करना चाहिये। नीलगायों से फसलों को होने वाले नुकसान का जिक्र करते हुए कहा कि नीलगाय फसलों को जितना नुकसान पहुंचाती हैं ,उससे ज्यादा छुट्टा जानवर पहुंचाते हैं।नीलगायों से फसल को बचाने के प्राकृतिक तरीके का जिक्र करते हुए कहा कि हरदोई में एक प्रगतिशील किसान ने उन्हें बताया कि जो किसान अपने खेत में गाय के गोबर का छिड़काव करते हैं, उनके खेत को नीलगाय कभी नुकसान नहीं पहुंचाती हैं। यह फसलों को नीलगायों से बचाने का प्राकृतिक तरीका है। कार्यक्रम से पूर्व मुख्यमंत्री ने श्री लोधेश्वर महादेव के मंदिर पहुंचकर विधि-विधान से पूजन अर्चना किया और श्री लोधेश्वर महादेव महादेव को बहुत जल्द पर्यटन स्थल की तर्ज पर विकसित करने की घोषणा भी की।
Views: 8









