जूडो प्रतियोगिता के लिए जिला स्तरीय चयन ट्रायल 27 नवंबर को
चयनित खिलाड़ी 28 नवंबर को वाराणसी मंडल स्तर पर करेंगे प्रतिभाग
गाजीपुर। प्रदेश स्तरीय जूडो प्रतियोगिताओं में प्रतिभाग के लिए जिला खेल कार्यालय की ओर से 27 नवंबर को जिला स्तरीय चयन एवं ट्रायल आयोजित किया जाएगा। यह ट्रायल नेहरू स्टेडियम, गोराबाजार में सुबह 10:30 बजे से होगा। इसमें सीनियर पुरुष-महिला तथा सब-जूनियर बालक-बालिका वर्ग के खिलाड़ी हिस्सा ले सकेंगे। इच्छुक खिलाड़ियों को उसी दिन सुबह 10 बजे तक अपनी प्रविष्टि देनी होगी।
जिला खेल कार्यालय के अनुसार, प्रदेश स्तरीय समन्वय सीनियर पुरुष-महिला जूडो प्रतियोगिता 9 से 11 दिसंबर तक लखनऊ में आयोजित होगी। वहीं, सब-जूनियर बालक-बालिका वर्ग की प्रदेश स्तरीय प्रतियोगिता 1 से 3 दिसंबर तक कानपुर में प्रस्तावित है।
जिला स्तरीय ट्रायल में चयनित खिलाड़ी 28 नवंबर को सुबह 10 बजे वाराणसी के डॉ. संपूर्णानंद स्पोर्ट्स स्टेडियम, सिगरा में आयोजित मंडल स्तरीय चयन प्रक्रिया में प्रतिभाग करेंगे। खिलाड़ियों को अपने साथ पात्रता प्रमाण पत्र, फोटोयुक्त एवं प्रधानाचार्य से प्रमाणित आयु प्रमाण पत्र तथा आधार कार्ड लाना अनिवार्य होगा।
सब-जूनियर वर्ग में प्रतिभाग करने वाले खिलाड़ियों की जन्मतिथि वर्ष 2013, 2014 या 2015 के बीच होनी चाहिए। चयन प्रक्रिया एवं प्रतियोगिता में प्रवेश निःशुल्क रहेगा। अधिक जानकारी के लिए इच्छुक खिलाड़ी जिला खेल कार्यालय, गाजीपुर से संपर्क कर सकते हैं।
Views: 3










