वित्तीय समावेशन शिविर में ग्रामीणों को मिला बैंकिंग योजनाओं का लाभ
मेगा शिविर में बीमा क्लेम के चेक और किसानों को केसीसी स्वीकृति पत्र वितरित
गाजीपुर। यूनियन बैंक ऑफ इंडिया की ओर से वित्तीय समावेशन संतृप्ति अभियान के तहत मंगलवार को शादियाबाद क्षेत्र की ग्राम सभा कस्बा कोइरी में मेगा शिविर आयोजित किया गया। इसमें ग्रामीणों को बैंकिंग सुविधाओं और केंद्र सरकार की विभिन्न वित्तीय सुरक्षा योजनाओं की जानकारी देने के साथ पात्र लाभार्थियों को योजनाओं का लाभ प्रदान किया गया।
कार्यक्रम का शुभारंभ अग्रणी जिला प्रबंधक राजदेव कुमार के नेतृत्व में दीप प्रज्वलन के साथ हुआ। मुख्य अतिथि बैंक के महाप्रबंधक ज्ञान रंजन सारंगी तथा विशिष्ट अतिथि के.डी. गुप्ता, क्षेत्र प्रमुख मुकेश रमन और विनय शंकर सहित बैंक के वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे।
महाप्रबंधक ज्ञान रंजन सारंगी ने शिविर में लगाए गए विभिन्न काउंटरों का निरीक्षण किया और ग्रामीणों से बातचीत कर उनकी समस्याएं जानीं। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को समस्याओं का शीघ्र समाधान करने के निर्देश दिए। शिविर में जनधन खाता, केवाईसी, किसान क्रेडिट कार्ड (केसीसी), ऋण और अन्य बैंकिंग सुविधाओं के लिए अलग-अलग काउंटर लगे थे। बड़ी संख्या में ग्रामीणों ने इन काउंटरों पर पहुंचकर योजनाओं की जानकारी ली और नामांकन कराया। प्रधानमंत्री सुरक्षा बीमा योजना तथा प्रधानमंत्री जीवन ज्योति बीमा योजना के तहत पात्र लाभार्थियों और नामांकित व्यक्तियों को बीमा क्लेम के चेक वितरित किए गए। इसके अलावा किसानों को किसान क्रेडिट कार्ड के स्वीकृति पत्र भी सौंपे गए।
बैंक अधिकारियों ने अभियान में सहयोग कर रहे कर्मचारियों, अधिकारियों, बैंक मित्रों और सीबीसी कोऑर्डिनेटरों के प्रयासों की सराहना की। बताया गया कि वित्तीय समावेशन संतृप्ति अभियान 31 दिसंबर 2026 तक चलेगा। इस दौरान गांवों में शिविर आयोजित कर पात्र लोगों को बैंकिंग सेवाओं, ऋण सुविधाओं और वित्तीय सुरक्षा योजनाओं से जोड़ने का प्रयास किया जाएगा।
Views: 4










