राष्ट्रीय संगोष्ठी में साहित्यकारों ने नवगीत परंपरा पर किया विमर्श
नवगीत में आधुनिक मनुष्य की पीड़ा और संघर्ष को मिली अभिव्यक्ति
गाजीपुर। केंद्रीय हिंदी निदेशालय, भारत सरकार और स्नातकोत्तर महाविद्यालय गाजीपुर के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित दो दिवसीय राष्ट्रीय संगोष्ठी के पहले दिन मंगलवार को ‘हिंदी नवगीत परंपरा और पूर्वांचल के नवगीतकार’ विषय पर देशभर से आए साहित्यकारों, कवियों और समालोचकों ने विचार व्यक्त किए। संगोष्ठी के विभिन्न सत्रों में नवगीत की परंपरा, उसकी समकालीन प्रासंगिकता, भाषा-शिल्प और सामाजिक सरोकारों पर विस्तार से चर्चा हुई।

प्रथम सत्र की अध्यक्षता करते हुए महाविद्यालय के प्राचार्य प्रो. राघवेंद्र कुमार पांडेय ने कहा कि पीजी कॉलेज की साहित्यिक परंपरा में विवेकी राय, पीएन सिंह, शिवमूरत सिंह और जितेंद्र नाथ पाठक जैसे समर्पित साहित्यकारों का महत्वपूर्ण योगदान रहा है। महाविद्यालय ऐसी संगोष्ठियों के माध्यम से समाज को समझने और उसके विविध पक्षों पर सार्थक विमर्श करने का प्रयास करता रहा है।
बीज वक्तव्य में हिंदू पीजी कॉलेज जमानियां के हिंदी विभाग के प्रो. अखिलेश शर्मा ने कहा कि नवगीत, गीत की आदिम परंपरा का परिष्कृत स्वरूप है, जिसने समय के यथार्थ को अपनी अभिव्यक्ति का आधार बनाया। संगोष्ठी की संयोजक प्रो. शिखा तिवारी ने विषय प्रवर्तन करते हुए नवगीत के स्थापित 19 प्रतिमानों पर विस्तार से चर्चा की। उन्होंने कहा कि समकालीन काव्यधारा में नवगीत को उसके व्यापक संदर्भों के साथ समझने की आवश्यकता है।
वरिष्ठ नवगीतकार एवं प्रतिष्ठित पत्रिका ‘सरस्वती’ के संपादक डॉ. रविनंदन सिंह ने कहा कि गीत और नवगीत के बीच वही अंतर है, जो मनुष्य और आधुनिक मनुष्य के बीच है। नवगीत आधुनिक जीवन की पीड़ा, संत्रास और जटिल अनुभवों को अभिव्यक्त करने का सशक्त माध्यम है, लेकिन आधुनिक आलोचना में उसे अभी अपेक्षित स्थान नहीं मिल सका है।
मुख्य अतिथि प्रो. अनिल कुमार सिंह ने कहा कि हिंदी नवगीत की चर्चा गाजीपुर के महत्वपूर्ण नवगीतकार डॉ. उमाशंकर तिवारी के योगदान के बिना अधूरी है। उन्होंने नवगीत रचना के साथ ही इस विधा पर मानक आलोचनात्मक लेखन भी किया। केंद्रीय हिंदी निदेशालय के सहायक निदेशक प्रदीप कुमार ने स्वागत वक्तव्य में पूर्वांचल की समृद्ध नवगीत परंपरा पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए लेखकों और शोधकर्ताओं से इस विषय पर लेख, पुस्तकें और पांडुलिपियां निदेशालय को उपलब्ध कराने का आह्वान किया।
इस सत्र में प्रो. शिखा तिवारी की पुस्तक ‘हिंदी नवगीत के निकष और विविध आयाम’ का लोकार्पण भी किया गया। पुस्तक में नवगीत को विभिन्न दृष्टिकोणों से देखते हुए आधुनिक संदर्भों में उसकी पड़ताल की गई है। सत्र का संचालन प्रो. संजय चतुर्वेदी तथा स्वागत वक्तव्य प्रो. विनय कुमार दूबे ने दिया।
द्वितीय तकनीकी सत्र की अध्यक्षता करते हुए वरिष्ठ साहित्यकार प्रो. मांधाता राय ने कहा कि नवगीत दो स्तरों पर संघर्ष कर रहा है। एक ओर उसे पारंपरिक गीतों की भाषा, शिल्प, अनुभूति और संवेदना से अलग अपनी पहचान बनानी है, वहीं दूसरी ओर गीतात्मकता को बचाए रखने की चुनौती भी है। उन्होंने इस आयोजन को साहित्यिक दृष्टि से महत्वपूर्ण बताया।
महिला महाविद्यालय की डॉ. शशिकला जायसवाल ने कहा कि नवगीत ने उन लड़कियों के संघर्ष और समस्याओं को भी स्वर दिया है, जो अनेक बाधाओं को पार कर शिक्षा के क्षेत्र में आगे बढ़ रही हैं। नवगीत केवल छंद और लय तक सीमित नहीं, बल्कि सामाजिक अनुभवों की अभिव्यक्ति भी है।
वरिष्ठ नवगीतकार डॉ. गजाधर शर्मा ‘गंगेश’ ने अपने बीज वक्तव्य में गाजीपुर की गीत परंपरा का उल्लेख करते हुए कहा कि इसकी शुरुआत 1443 ईस्वी से मानी जाती है, हालांकि उस समय नवगीत नाम प्रचलित नहीं था। यह परंपरा रामचरित उपाध्याय और श्रीधर मिश्र से होते हुए डॉ. उमाशंकर तिवारी तक पहुंचती है।
जयप्रकाश विश्वविद्यालय, छपरा के हिंदी विद्वान प्रो. सिद्धार्थ शंकर राय ने कहा कि नई कविता ने विश्व कविता के शब्दकोश और उसकी चिंताओं को शीघ्र आत्मसात किया, जिसके कारण उसे साहित्यिक जगत में केंद्रीय स्थान मिला। वहीं, गोरखपुर के नवगीतकार देवेंद्र आर्य ने गीत को मनुष्यता का दुलार बताते हुए कहा कि गीत का उत्स मनुष्य का श्रम और श्रम से उपजी थकान है। उनके अनुसार नवगीत का विकास छंदमुक्त कविता के समानांतर गीतात्मकता को बचाए रखने के प्रयास के रूप में हुआ।
गोरखपुर विश्वविद्यालय के सेवानिवृत्त प्राध्यापक एवं समालोचक प्रो. अनिल राय ने कहा कि सामान्य कार्यकर्ताओं के आचरण के आधार पर किसी दर्शन को प्रश्नांकित करना उचित नहीं है। कविता के संसार में नवगीत अपनी नागरिकता और उचित स्थान की मांग कर रहा है। उन्होंने कहा कि नवगीत जैसी उपेक्षित साहित्यिक विधाओं पर निरंतर और क्रमबद्ध विमर्श की जरूरत है। छांदसिक कविता हजार वर्षों तक साहित्य के केंद्र में रही है, ऐसे में उसके प्रति आलोचना जगत में दिखाई देने वाले पक्षपातपूर्ण व्यवहार पर भी गंभीर चर्चा होनी चाहिए।
संगोष्ठी में देश के विभिन्न हिस्सों से शिक्षक, शोधार्थी, साहित्यप्रेमी और साहित्यिक विद्वान शामिल हुए। आयोजकों के अनुसार, 25 नवंबर को संगोष्ठी के अंतिम दिन तकनीकी सत्रों के साथ नवगीत काव्य पाठ का आयोजन किया जाएगा।
Views: 0










