मतदाता सूची में नाम जुड़वाने के लिए तीन दिवसीय अभियान शुरू 

डीएम को ने प्रेसवार्ता में दी जानकारी, डेढ़ से दो लाख पात्र नागरिकों के नाम सूची में शामिल कराने का लक्ष्य


गाजीपुर। आगामी विधानसभा सामान्य निर्वाचन-2027 की तैयारियों के क्रम में मतदाता सूची को शुद्ध और त्रुटिरहित बनाने के लिए जिले में 24 से 26 नवंबर तक तीन दिवसीय विशेष अभियान चलाया जा रहा है। इसके तहत पात्र नागरिकों के नाम मतदाता सूची में शामिल कराने के साथ ही दर्ज विवरणों में संशोधन भी कराया जाएगा। 

           जिला निर्वाचन अधिकारी एवं जिलाधिकारी अनुपम शुक्ला ने मंगलवार को प्रेसवार्ता में इसकी विस्तृत जानकारी दी और पात्र नागरिकों से मतदाता सूची में अपना नाम दर्ज कराने की अपील की।

        जिलाधिकारी ने बताया कि विशेष प्रगाढ़ पुनरीक्षण अभियान 17 नवंबर से शुरू हो चुका है। इसके तहत आगामी चार जनवरी को अंतिम मतदाता सूची का प्रकाशन किया जाना है। उन्होंने बताया कि जिले में अभी भी लगभग डेढ़ से दो लाख ऐसे पात्र नागरिक हैं, जिनके नाम मतदाता सूची में शामिल नहीं हो पाए हैं। ऐसे नागरिक 24, 25 और 26 नवंबर को चलने वाले विशेष अभियान का लाभ उठाकर फॉर्म-6 भरते हुए अपना नाम दर्ज करा सकते हैं।

      अभियान के दौरान बूथ लेवल अधिकारी (बीएलओ) घर-घर जाकर पात्र नागरिकों से संपर्क करेंगे। इसके अलावा वे निर्धारित मतदान केंद्रों, पंचायत भवनों और विद्यालयों में भी उपस्थित रहकर आवेदन प्राप्त करेंगे। मतदाता सूची में नाम, पता या अन्य विवरणों में त्रुटि होने पर निर्धारित प्रक्रिया के तहत संशोधन कराया जा सकेगा।

       डीएम ने कहा कि प्रशासन का प्रयास है कि चार जनवरी को प्रकाशित होने वाली अंतिम मतदाता सूची पूरी तरह शुद्ध और अद्यतन हो तथा उसमें किसी प्रकार की अशुद्धि या दोहराव न रहे। अभियान की निगरानी और शिकायतों के त्वरित निस्तारण के लिए जिला एवं तहसील स्तर पर कंट्रोल रूम स्थापित किए गए हैं। संबंधित अधिकारियों को क्षेत्र में रहकर अभियान की निगरानी करने और अधिक से अधिक पात्र नागरिकों के आवेदन प्राप्त कराने के निर्देश दिए गए हैं। उन्होंने बताया कि पंचायत विभाग, महिला एवं बाल विकास विभाग तथा शिक्षा विभाग सहित विभिन्न विभागों के ग्राम स्तरीय कर्मचारियों को भी अभियान में सहयोग के लिए लगाया गया है। जिले में लगभग सात हजार इन्यूमरेटर कार्यरत हैं, जिनमें करीब 1800 कर्मचारी बीएलओ की जिम्मेदारी भी निभा रहे हैं। निर्वाचन कार्य की प्राथमिकता को देखते हुए इन कर्मचारियों को फिलहाल मतदाता सूची पुनरीक्षण पर विशेष ध्यान देने को कहा गया है।

     जिलाधिकारी के अनुसार, वर्तमान में जिले का इलेक्टोरल पॉपुलेशन रेशियो लगभग 58 से 68 प्रतिशत के बीच है। विशेष अभियान के माध्यम से इसे बढ़ाकर करीब 63-64 प्रतिशत तक पहुंचाने का लक्ष्य रखा गया है। उन्होंने नागरिकों से अपील की कि वे स्वयं के साथ अपने परिवार और आसपास के पात्र लोगों का नाम भी मतदाता सूची में दर्ज कराने में सहयोग करें, ताकि कोई भी पात्र नागरिक मतदान के अधिकार से वंचित न रहे।

Views: 0


Leave a Reply