पत्रकारों की रेल किराया रियायत बहाली के लिए प्रेस परिषद ने तेज की पहल

अध्यक्ष न्यायमूर्ति रंजना प्रकाश देसाई के निर्देश पर तीन सदस्यीय प्रतिनिधिमंडल रेल मंत्रालय के अधिकारियों से करेगा वार्ता


नई दिल्ली। कोविड-19 महामारी के दौरान बंद की गई पत्रकारों की रेल किराया रियायत बहाल कराने के लिए भारतीय प्रेस परिषद (पीसीआई) ने अपनी पहल तेज कर दी है। परिषद की अध्यक्ष न्यायमूर्ति रंजना प्रकाश देसाई के निर्देश पर तीन सदस्यीय प्रतिनिधिमंडल गठित किया गया है, जो इस मुद्दे पर रेल मंत्रालय के संबंधित अधिकारियों से मुलाकात कर रियायत बहाली की मांग रखेगा। इसकी जानकारी परिषद के वरिष्ठ सदस्य रजा हुसैन रिजवी ने दी।


रिजवी के अनुसार, प्रेस परिषद ने 24 दिसंबर 2020 को पहली बार रेलवे बोर्ड के समक्ष पत्रकारों की रेल किराया रियायत बहाल करने का मुद्दा उठाया था। कोविड महामारी के दौरान यह सुविधा बंद कर दी गई थी। इसके बाद से विभिन्न पत्रकार संगठनों और मीडिया प्रतिनिधियों की ओर से भी इसे फिर से शुरू करने की मांग की जाती रही है।

रेलवे बोर्ड ने चार जुलाई 2023 को अपने जवाब में बताया था कि वित्तीय वर्ष 2019-20 में यात्रियों को टिकटों पर कुल 59,837 करोड़ रुपये की सब्सिडी दी गई थी, जो औसतन 53 प्रतिशत रियायत के बराबर थी। बोर्ड ने यह भी स्पष्ट किया था कि दिव्यांगजनों, विद्यार्थियों और मरीजों सहित कुछ श्रेणियों को रियायत जारी है। इस जवाब पर स्पष्टीकरण मांगते हुए प्रेस परिषद ने 24 जुलाई 2023 को दोबारा पत्र भेजा था।

इसके बाद 23 अक्टूबर 2024 को परिषद ने रेल मंत्रालय को अनुस्मारक भेजकर पत्रकारों के लिए रेल किराया रियायत बहाल करने का आग्रह किया। परिषद का कहना है कि समाचार संकलन, फील्ड रिपोर्टिंग और विभिन्न आयोजनों की कवरेज के लिए पत्रकारों को लगातार यात्रा करनी पड़ती है। ऐसे में रियायत बंद होने से खासकर सीमित संसाधनों में काम करने वाले पत्रकारों पर आर्थिक बोझ बढ़ा है।

इस दिशा में 16 जुलाई 2026 को परिषद की अध्यक्ष न्यायमूर्ति रंजना प्रकाश देसाई ने तीन सदस्यीय प्रतिनिधिमंडल गठित कर रेल मंत्रालय के अधिकारियों से वार्ता करने का निर्देश दिया। इसके क्रम में परिषद की सचिव शुभा गुप्ता ने चार अगस्त 2026 को पत्र जारी कर प्रतिनिधिमंडल के सदस्यों के नाम घोषित किए। इसमें गुरिंदर सिंह, अरुण कुमार त्रिपाठी और डॉ. के. श्रीनिवास राव शामिल हैं। प्रतिनिधिमंडल का नेतृत्व गुरिंदर सिंह करेंगे।

प्रेस परिषद ने रियायत बहाली को पत्रकारों की कार्यगत जरूरतों से जुड़ा मुद्दा बताते हुए कहा है कि आर्थिक और व्यवस्थागत बाधाओं के बिना पत्रकारिता के दायित्वों का निर्वहन करने के लिए अनुकूल परिस्थितियां जरूरी हैं। परिषद के मुताबिक, पत्रकारों को देश के विभिन्न हिस्सों में समाचार संकलन और जनहित से जुड़े मुद्दों की रिपोर्टिंग के लिए यात्रा करनी पड़ती है। ऐसे में रेल किराया रियायत की बहाली से उन्हें राहत मिल सकती है।

Views: 8


Leave a Reply