गतिविधि आधारित शिक्षण से बच्चों में बढ़ी विज्ञान के प्रति जिज्ञासा

गाजीपुर। सदर ब्लाक के कंपोजिट स्कूल डीलिया की सहायक अध्यापिका डॉ. ऋतु श्रीवास्तव के नवाचार ‘गतिविधियों से विज्ञान की जिज्ञासा’ का चयन राज्य शैक्षिक अनुसंधान एवं प्रशिक्षण परिषद (एससीईआरटी), लखनऊ के आधिकारिक उद्गम पोर्टल पर हुआ है। पांच दिवसीय कार्यशाला के बाद नवाचार पर आधारित वीडियो भी पोर्टल पर अपलोड किया गया।


       इस नवाचार का उद्देश्य गतिविधि आधारित शिक्षण के माध्यम से विद्यार्थियों में वैज्ञानिक दृष्टिकोण विकसित करना, कक्षा शिक्षण को रुचिकर बनाना और विद्यालय में नियमित उपस्थिति के लिए प्रेरित करना है। शिक्षिका ने बच्चों को केवल पुस्तकीय ज्ञान तक सीमित रखने के बजाय प्रयोगों और गतिविधियों के माध्यम से विज्ञान के सिद्धांत समझाने पर जोर दिया। इससे विद्यार्थियों में रटने के बजाय ‘क्यों और कैसे’ जानने की प्रवृत्ति विकसित हुई।

इन प्रयासों से बच्चों की विद्यालय में उपस्थिति में सुधार के साथ विज्ञान के प्रति उनका संकोच भी जिज्ञासा में बदलने लगा। विद्यालय के विद्यार्थियों का चयन इंस्पायर मानक, बिल्डथॉन, राष्ट्रीय आविष्कार अभियान, एनएमएमएस और अटल आवासीय विद्यालय जैसी योजनाओं में भी हुआ है। शिक्षा विभाग के अनुसार, सरल नवाचार, प्रभावी शिक्षण पद्धति और सामुदायिक सहभागिता के माध्यम से ग्रामीण क्षेत्र के विद्यार्थियों की प्रतिभा को निखारने और उन्हें व्यापक मंच प्रदान करने का प्रयास जारी है।

Views: 1


Leave a Reply