जनपद स्तर पर आयोजित होगी गणित ओलंपियाड एवं गणित प्रर्दशनी

गाजीपुर। राज्य शैक्षिक अनुसंधान एवं प्रशिक्षण परिषद, उत्तर प्रदेश, लखनऊ के निर्देशन में जनपद स्तर पर गणित ओलंपियाड एवं गणित प्रदर्शनी की तैयारी की जा रही है।
जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी ने बताया कि प्रतियोगिता का उद्देश्य विद्यार्थियों में गणित विषय की विभिन्न अवधारणाओं के व्यवहारिक प्रयोग की समझ विकसित करना, गणित के प्रति रुचि बढ़ाना तथा विषय को अधिक रोचक एवं सरल बनाना है।
गणित ओलंपियाड में उच्च प्राथमिक एवं कंपोजिट विद्यालयों के कक्षा 06, 07 एवं 08 के विद्यार्थी प्रतिभाग करेंगे। प्रतियोगिता का आयोजन तीन स्तरों- विद्यालय स्तर, विकास खंड स्तर एवं जनपद स्तर पर किया जाएगा। विद्यालय स्तर पर प्रत्येक विद्यालय से दो विद्यार्थियों का चयन किया जाएगा। इसके बाद विकास खंड स्तर पर चयनित विद्यार्थियों की प्रतियोगिता कराई जाएगी तथा विकास खंड स्तर से चयनित विद्यार्थी जनपद स्तर की प्रतियोगिता में प्रतिभाग करेंगे। प्रतियोगिता में विद्यार्थियों के गणितीय ज्ञान, तार्किक क्षमता एवं उच्च स्तरीय चिंतन कौशल को परखने के लिए प्रश्नपत्र आधारित मूल्यांकन किया जाएगा। प्रश्नपत्र में बहुविकल्पीय एवं व्यक्तिनिष्ठ प्रश्न शामिल होंगे। विद्यालय, विकास खंड एवं जनपद स्तर पर निर्धारित न्यूनतम प्राप्तांक के आधार पर प्रतिभागियों का चयन किया जाएगा। इसी क्रम में गणित प्रदर्शनी का भी आयोजन किया जाएगा। प्रदर्शनी में कक्षा 06 से 10 तक की गणित विषय एवं उपविषयों से संबंधित शिक्षण-अधिगम सामग्री, मॉडल एवं प्रोजेक्ट प्रस्तुत किए जाएंगे। प्रदर्शनी का उद्देश्य गणित शिक्षण को अधिक रुचिकर एवं सरल बनाना, टीएलएम के प्रयोग को प्रोत्साहित करना, नवाचार को बढ़ावा देना तथा विद्यार्थियों एवं शिक्षकों में गणितीय सोच का विकास करना है।
गणित प्रदर्शनी में जिला शिक्षा एवं प्रशिक्षण संस्थानों के प्रवक्ता, परिषदीय उच्च प्राथमिक विद्यालयों के सहायक अध्यापक तथा माध्यमिक विद्यालयों के प्रवक्ता/शिक्षक प्रतिभाग कर सकेंगे। प्रस्तुत मॉडल एवं प्रोजेक्ट का मूल्यांकन निर्णायक मंडल द्वारा रचनात्मकता, गणितीय सोच, नवाचार, तकनीकी कौशल, कम लागत में उपयोगिता तथा दैनिक जीवन में गणित के प्रयोग जैसे विभिन्न बिंदुओं के आधार पर किया जाएगा। राज्य शैक्षिक अनुसंधान एवं प्रशिक्षण परिषद द्वारा प्रतियोगिता के आयोजन में शुचिता एवं निष्पक्षता बनाए रखने तथा प्रत्येक स्तर पर आयोजन का अभिलेखीकरण करने के निर्देश दिए गए हैं। जनपद स्तर पर अंतिम चरण में चयनित प्रतिभागियों को प्रमाण-पत्र एवं मॉडल आदि के लिए निर्धारित प्रावधानों के अनुसार प्रोत्साहन प्रदान किया जाएगा।
जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी उपासना रानी वर्मा ने बताया कि विद्यालयों एवं विकास खंड स्तर पर अधिक से अधिक विद्यार्थियों एवं शिक्षकों की सहभागिता सुनिश्चित करने तथा गणित ओलंपियाड एवं गणित प्रदर्शनी का व्यापक प्रचार-प्रसार करने के निर्देश खण्ड शिक्षा अधिकारियों को दिए गए हैं।
Views: 13









