‘सेवा संकल्प अभियान’ शुरू, सरकारी योजनाओं से सशक्त होंगे पात्र

गाजीपुर। केंद्र और प्रदेश सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं को आम लोगों तक पहुँचाने हेतु सादात ब्लॉक मुख्यालय पर शुक्रवार को ‘सेवा संकल्प अभियान’ के तहत कार्यक्रम का आयोजन कर जानकारी दी गई।


      बताया गया कि यह विशेष अभियान 17 सितंबर से 17 अक्टूबर तक चलेगा और इसका मुख्य उद्देश्य गरीब, शोषित और वंचित वर्ग को समाज की मुख्यधारा से जोड़ना है। 

          कार्यक्रम का शुभारम्भ मुख्य अतिथि बृजेन्द्र राय पूर्व जिलाध्यक्ष भाजपा ने दीप प्रज्वलित कर किया। अपने संबोधन में उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की नीतियों और लोक-कल्याणकारी कार्यों की सराहना करते हुए कहा कि प्रधानमंत्री के कुशल नेतृत्व में देश के हर गरीब, शोषित और वंचित वर्ग को समाज की मुख्यधारा से जोड़ने का ऐतिहासिक काम किया जा रहा है। 

      इस अभियान के तहत ब्लॉक मुख्यालय परिसर में स्वास्थ्य, शिक्षा और बाल विकास सहित कई जनकल्याणकारी योजनाओं के स्टॉल लगाए गए हैं, जो 25 सितंबर तक चलेंगे।  कार्यक्रम के दौरान मौके पर ही पेंशन, शौचालय, प्रधानमंत्री आवास योजना, मुख्यमंत्री आवास योजना और बाल विकास विभाग के लाभार्थियों की समस्याओं का निस्तारण किया गया। इसके साथ ही नए पात्र लोगों का पंजीकरण भी किया गया। 

        खंड विकास अधिकारी कृष्ण कुमार सिंह ने कहा कि विकास खंड स्तर से संचालित होने वाली सभी सरकारी योजनाओं का लाभ हर पात्र व्यक्ति को पूरी पारदर्शिता के साथ मिलेगा। इसके लिए किसी भी ग्रामीण को किसी भी तरह की सिफारिश लगाने की आवश्यकता नहीं है।

इस अवसर पर बाल विकास विभाग के स्टॉल पर मुख्य अतिथि ने गर्भवती महिला मीना की गोद भराई की और नन्ही बच्ची प्रिया का अन्नप्राशन कराया। कार्यक्रम में सीएचसी प्रभारी चिकित्साधिकारी डॉ. पंकज सिंह, सीडीपीओ सोनम सिंह, सुपरवाइजर मंजू सिंह, शिखा कन्नौजिया, अंजली सिंह, पार्वती, ममता, सुनीता, ग्राम प्रधान प्रतिनिधि डॉ. अनिल राय, सुशील राय, सीएम फेलो डॉ. बृजेश कुमार, विमला मौर्या, कुंदन सिंह सहित बड़ी संख्या में स्थानीय ग्रामीण और विभिन्न विभागों के अधिकारी व कर्मचारीगण उपस्थित रहे।

%

Views: 17


Leave a Reply