स्वतंत्रता दिवस पर झूम के लहरा राष्ट्रीय ध्वज
स्वतंत्रता दिवस पर शहर सहित ग्रामीणांचलों में रही कार्यक्रमों की धूम
गाजीपुर। जिले में 80 वां स्वतंत्रता दिवस समारोह धूम-धाम एंव हर्षाेल्लास से मनाया गया। सभी सरकारी, अर्धसरकारी, सहकारी संस्थानों सहित सभी शिक्षण प्रशिक्षण संस्थानों, चिकित्सालयों तथा निजी प्रतिष्ठानों में राष्ट्रीय ध्वज फहराया गया। इस अवसर पर शिक्षण संस्थानों के बच्चों द्वारा प्रभात फेरी निकालकर गगनभेदी नारे लगाए गये।
इसी क्रम में जिले के मुख्य कार्यक्रम के मुख्य अतिथि कैबिनेट मंत्री पंचायती राज एवं अल्पसंख्यक कल्याण, हज और मुस्लिम वफ्फ बोर्ड उत्तर प्रदेश सरकार ओमप्रकाश राजभर ने आडिटोरियम परिसर पीरनगर में ध्वजारोहण किया। वहां राष्ट्रगान, भारत माता की जय, वन्दे मातरम जैसी गगनभेदी नारों से परिसर गूंज उठा। मुख्य अतिथि ने विभिन्न विभागों द्वारा संचालित योजनाओं की लगायी गयी स्टाल का फीता काटकर उद्घाटन किया।
राजकीय बालिका इण्टर कालेज एंव लूर्दस कॉन्वेट बालिका इण्टर कालेज की बालिकाओं द्वारा सामूहिक गायन, नृत्य की मनमोहक प्रस्तुति दी गयी। कार्यक्रम में उपस्थित स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों/ शहीदों के परिजनों को माल्यार्पण कर अंगवत्रम, वाल हैगिंग देकर सम्मानित किया। वहीं पंचायती राज, ग्राम्य विकास, उद्योग विभाग, नगर विकास सहित अन्य विभागो से उत्कृष्ठ कार्य करने वाले अधिकारियों/कर्मचारियों को प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया।
अपने सम्बोधन में कैबिनेट मंत्री ने कहा कि आज हम सभी भारतवर्ष का 80वॉ स्वतंत्रता दिवस मना रहे हैं तथा अपने देश के असंख्य स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों के बलिदान को याद कर रहे हैं। हमारा कर्तव्य है कि हम अपने देश को स्वच्छ, आत्मनिर्भर बनायें। उन्होंने सभी से अपील की कि हम सभी प्रण लें कि हमें स्वच्छता को बढ़ावा देना है तथा ईमानदारी से अपने कर्तव्यों का पालन करना है। उन्होंने उपस्थित स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों/शहीदों के परिजनों का नमन करते हुए कहा कि आज पूरे देश में स्वतंत्रता दिवस हर्षोल्लास के साथ मनाया जा रहा है। हम नमन करते हैं उन वीर शहीदों को जिन्होंने अपने प्राणों की आहूति देकर इस देश को आजादी दिलाई और इसी आजादी की बदौलत हम खुली हवा में सांस ले रहे हैं। आज हमें यह कहने में बहुत खुशी हो रही है कि देश में प्रधानमंत्री जी एवं प्रदेश में मुख्यमंत्री जी की देन है कि यहां शिक्षा के क्षेत्र में बेहतर कार्य हुए हैं।
राज्य सभा सांसद संगीता बलवंत ने कहा कि यह वह जिला है जहां के जवान सीमा पर तैनात होकर अपने देश की रक्षा की खातिर अपने प्राणों को न्यौछावर कर देते हैं, ऐसे वीर सपूतो को नमन है। उन्होंने कहा भारत देश जो सदियों से गुलामी के बाद त्याग, तपस्या, बलिदान के बाद भी जिन्दा है आप उसी देश के नागरिक हैं। आप जिस भी क्षेत्र में कार्यरत हो उस क्षेत्र में अच्छा से अच्छा कार्य करते हुए अपने कर्तव्यों का निर्वहन करेें तब वह दिन दूर नहीं जब भारत विश्वगुरू एवं दुनिया की सबसे बड़ी आर्थिक महाशक्ति बनेगा। उन्होने पुनः उन शहीदो के परिजनों को स्वतंत्रता दिवस की बधाईयां दीं। कार्यक्रम में उपस्थित अध्यक्ष जिला पंचायत सपना सिंह, विधायक जखनियां बेदीराम एवं नगर पालिका अध्यक्ष सरिता अग्रवाल, जिलाधिकारी अनुपम शुक्ला ने 80वें स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर शहीद के परिजनों, आगन्तुकों, गणमान्य नागरिकों व जनपदवासियों को बढाई देते हुए आजादी में अपने प्राणों को न्यौछावर करने वाले वीर शहीदों को नमन कर श्रद्धासुमन अर्पित किया।
कार्यक्रम के अन्त में मुख्य विकास अधिकारी संतोष कुमार वैश्य ने मुख्य अतिथि, विशिष्ट अतिथियों, सभी स्वंतंत्रता सेनानी के आश्रितों, शहीद के परिवारों, आगन्तुकों व छात्र-छात्राओं का आभार व्यक्त किया। इसके पश्चात सभी के द्वारा वन्दे मातरम का गायन किया गया।
इस अवसर पर जिलाध्यक्ष सुभासपा सुरेन्द्र राजभर, पुलिस अधीक्षक डॉ ईरज राजा, मुख्य विकास अधिकारी आलोक प्रसाद, अपर जिलाधिकारी वेद सिंह चौहान, जिला विकास अधिकारी, परियोजना निदेशक ,पर्यटन अधिकारी सहित अन्य जनपद स्तरीय अधिकारीगण, स्कूली छात्र-छात्राएं, गणमान्य नागरिक व प्रबुद्धजन उपस्थित रहे।
……………………………………………
‘हर घर तिरंगा रैली में राष्ट्रीय ध्वज के साथ उत्साहपूर्वक शामिल हुए लोग
गाजीपुर। जनपद में ‘हर घर तिरंगा अभियान‘ के अंतर्गत स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर जिलाधिकारी अनुपम शुक्ला एवं पुलिस अधीक्षक डॉ ईरज राजा के नेतृत्व में एक विशाल एवं भव्य तिरंगा रैली का शुभारम्भ आडिटोरियम परिसर से जिलाधिकारी ने हरी झंडी दिखाकर किया। रैली में जिलास्तरीय अधिकारीगण/कर्मचारीगण, पुलिस बल, एनसीसी/एनएसएस के कैडेट, विभिन्न विद्यालयों के छात्र-छात्राएं, सामाजिक एवं स्वयंसेवी संस्थाओं के प्रतिनिधि तथा बड़ी संख्या में आमजन हाथों में राष्ट्रीय ध्वज लेकर उत्साहपूर्वक शामिल हुए। रैली आडिटोरियम परिसर से प्रारम्भ होकर शहर के प्रमुख मार्गों कचहरी, महुआबाग, विशेश्वरगंज चौराहा, मिश्रबाजार होते हुए सदर कोतवाली पहुंची जहां रैली का समापन हुआ। सम्पूर्ण मार्ग देशभक्ति के नारों ‘भारत माता की जय‘, ‘वंदे मातरम‘ एवं तिरंगे की गूंज से गुंजायमान रहा। इस अवसर पर जिलाधिकारी ने कहा कि इस रैली का उद्देश्य युवाओं में राष्ट्रभक्ति की भावना को जागृत करना तथा स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों के त्याग एवं बलिदान को स्मरण करना है।
………. ………………………….
क्रास कंट्री रेस में दिखा उत्साह
स्वतन्त्रता दिवस का 80वी वर्षगाठ पर आजादी के अमृत महोत्सव हर घर तिंरगा-2026 अभियान के अन्तर्गत जिला प्रशासन एवं जिला खेल कार्यालय द्वारा महिला/पुरुषों की पांच किलोमीटर क्रास कंट्री रेस (तिरंगा दौड़) प्रतियोगिता का शुभारम्भ प्रातः 6.30 बजे नेहरु स्टेडियम गोराबाजार से प्रारम्भ होकर पीजी कालेज चौराहा होते हुए आर्दश बौद्ध इण्टर कालेज से चमड़ा गोदाम से पुनः वापस उसी रास्ते होते हुए नेहरु स्टेडियम गेट पर समाप्त हुई। इस प्रतियोगिता में 93 बालक एवं 55 बालिकाओं ने प्रतिभाग किया। इस दौड़ प्रतियोगिता का उद्घाटन विनोद कुमार जोशी, उप जिलाधिकारी सदर गाजीपुर के द्वारा हरी झंडी दिखाकर किया गया।
विजेता खिलाड़ियों में बालक वर्ग में आदित्य यादव-प्रथम, अन्ना यादव- द्वितीय, अजित यादव तृतीय, बादल गुप्ता चतुर्थ, आकाश यादव-पंचम, अजय कुमार बिन्द छष्ठम और बालिका वर्ग में अंकिता विश्वकर्मा प्रथम, प्रीति द्वितीय, दुर्गावती कुमारी -तृतीय, अनन्या सिंह -चतुर्थ, कल्पना बिन्द -पंचम निक्की-छष्ठम स्थान प्राप्त किया।
निर्णायक मंडल में विजय खेलो इण्डिया एथलेटिक्स कोच, राधेश्याम सिंह यादव, प्रेमचन्द यादव, बृजेश कुमार, प्रदीप राय, योगेन्द्र सिंह, अंजनी वर्मा, नागेन्द्र यादव रहें। इस अवसर पर सुदामा राम, मो० मोईन संयुक्त सचिव जिला फुटबॉल संघ गाजीपुर, अमरजीत सिंह अध्यक्ष जिला एथलेटिक्स संघ गाजीपुर, ग्यासुदीन अहमद, योगेन्द्र कुमार, इंज़मामुल हक, जैनेन्द्र कुमार, रामदेव सिंह, श्रीमती श्यामा देवी एवं समस्त स्टाफ मौजूद रहे। अन्त में क्रीड़ाधिकारी गाजीपुर द्वारा आभार व्यक्त किया गया।
………………………………………
ग्रामीण क्षेत्रों में भी दिखा उत्साह
ग्रामीणांचल में भी स्वतंत्रता दिवस की धूम रही। सरकारी, अर्ध-सरकारी संस्थानों, स्कूलों-कॉलेजों तथा निजी संस्थानों, कोचिंग सेंटरों में भी राष्ट्रीय ध्वज फहराया गया। इस दौरान हर तरफ देशभक्ति के गीत गूंजते रहे और भारत माता के जयकारे लगाए गए। उत्तर प्रदेश सरकार के कौशल विकास मिशन प्रशिक्षण केन्द्र हाई-टेक कालेज आफ मैनेजमेंट एण्ड ई टेक्नोलॉजी हंसराजपुर में प्रशिक्षणार्थियों ने निदेशक प्रकाश गुप्ता की अध्यक्षता में आयोजित कार्यक्रम में अपने सांस्कृतिक कार्यक्रमों का प्रदर्शन कर देश के अमर सपूतों को नमन किया।
इसी प्रकार सादात नगर के संस्कृत महाविद्यालय में प्रबंधक योगेश्वर प्रसाद ने ध्वजारोहण किया। इस अवसर पर छात्र-छात्राओं ने राष्ट्रगान प्रस्तुत किया। कार्यक्रम में अंजनी कुमार, योगेन्द्र चौबे, लल्लन भारद्वाज, उमा गुप्ता, निशांत मद्धेशिया, अरविंद कुमार, दिलीप जायसवाल, अनिल चौबे, दिव्यांशी, वेदांशी और छोटू भारद्वाज, योगेंद्र पाल, रामजन्म, खुशवंत कुमार सहित कई छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे।
इसी क्रम में सादात रेलवे स्टेशन पर एनसीसी कैडेटों की उपस्थिति में स्टेशन अधीक्षक अमरेश कुमार और समता इंटर कॉलेज के प्रधानाचार्य राजेश कुमार सिंह यादव ने झंडा फहराया। इस मौके पर सेवानिवृत्त सूबेदार राम निशानी यादव, स्टेशन मास्टर संजय कुमार, शंभूनाथ, बृजेश सिंह, संतोष यादव, कैलाश सिंह, विनय कुमार तथा एनसीसी कैडेट्स मौजूद रहे। वहीं प्राथमिक विद्यालयों सहित अन्य शिक्षण संस्थानों में भी संस्था प्रमुखों और अतिथियों ने ध्वजारोहण किया।
इसी प्रकार क्रिएटिव विज़न सोसायटी द्वारा संचालित नगर के तुलसी सागर स्थित न्यू होराइजन एकेडमी में स्वतंत्रता दिवस समारोह हर्षोल्लास के साथ मनाया गया। सभी बच्चे रंग -बिरंगे परिधानों में झंडा लेकर विद्यालय आये। विद्यालय प्रांगण में प्रबंधक प्रो.अमर नाथ राय एवं श्रीमती किरन बाला राय की उपस्थिति में प्रधानाचार्या श्रीमती विभा राय ने ध्वजारोहण किया।
विभिन्न सांस्कृतिक कार्यक्रमों में छात्र छात्राओं ने देशभक्ति गीत व नृत्य प्रस्तुत कर उत्साहित किया तो वहीं कुछ छात्रों ने भाषण के द्वारा मन मोह लिया।
इसी क्रम में मुहम्मदाबाद क्षेत्र के सुल्तानपुर गंगा घाट पर स्थित पूर्व ब्लाक प्रमुख मित्रसेन प्रधान अंत्येष्टि स्थल पर देश का 80 वां स्वतंत्रता दिवस उत्साह के साथ मनाया गया। साफ सफाई के बाद डोमराज सभूति ने पूजन अर्चन के बाद राष्ट्रीय ध्वज फहराया। शहीदों, स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों और राष्ट्रीय स्वतंत्रता संग्राम के नेताओं के जयघोष के बाद राष्ट्रगान हुआ।
इस मौके पर आयोजित कार्यक्रम में पूर्व प्रधान डा.अविनाश प्रधान ने कहा कि स्वतंत्रता दिवस हम अपने राष्ट्र नायकों को याद करने और उनके प्रति आभार ज्ञापित करने के लिए मनाते हैं। उनके त्याग, बलिदान को हमें कभी भूलना नहीं चाहिए। उनका त्याग और बलिदान स्मृति में है तो देश की आजादी सुरक्षित है। उन्होंने आजादी दी इसे बचाए रखना हमारी जिम्मेदारी है। इस मौके पर उन्होंने कहा कि आज हम अपने उन दानदाताओं के प्रति भी आभारी हैं जिनके उदार और मुक्तहस्त किए गए दान से शवयात्रियों की सुविधा के लिए 17 लाख 50हजार में मित्रसेन प्रधान मेमोरियल ट्रस्ट 11 विस्वा जमीन खरीद सका। अब यह जमीन समाज की है। दानदाताओं की भावनाएं इस स्थल से जुड़ी हैं। उनकी भावनाएं सदैव सकारात्मक रहे इसका प्रयास हम सभी को करना है। लोभवृत्ति घातक होगी। इस मौके पर आशिक राज,रामू राज,बिरजू राज, संजय राज, पौवा राज, मिंटू राज, डब्लू राज,नमून पांडेय, सुनील प्रधान, अरविंद यादव, धीरज सिंह यादव आदि मौजूद रहे। अंत में प्रशासक सुनीता गिरि द्वारा भेजे गए मिष्ठान का वितरण कर कार्यक्रम का समापन हुआ।
Views: 12







