सशक्त एवं चरित्रवान युवा ही राष्ट्र के भविष्य
गाजीपुर। नगर के डी.ए.वी. इंटर कॉलेज परिसर में आयोजित आर्य वीर दल का पांच दिवसीय आवासीय प्रशिक्षण शिविर वैदिक मंत्रोच्चार एवं हर्षोल्लासपूर्ण वातावरण के साथ सम्पन्न हुआ।
समापन समारोह के मुख्य अतिथि आर्य वीर दल पूर्वी उत्तर प्रदेश के संचालक आचार्य ज्ञान प्रकाश ने ध्वजारोहण कर कार्यक्रम का शुभारंभ किया। उन्होंने कहा कि शारीरिक, मानसिक और आत्मिक रूप से सशक्त एवं चरित्रवान युवा ही राष्ट्र का सच्चा भविष्य हैं। आर्य वीर दल युवाओं में वैदिक संस्कार, अनुशासन और राष्ट्रभक्ति विकसित करने का कार्य कर रहा है।
आर्य विद्या सभा के उपप्रबंधक संतोष कुमार वर्मा ने कहा कि डी.ए.वी. इंटर कॉलेज केवल शिक्षा का केंद्र नहीं, बल्कि संस्कार निर्माण की भूमि है, जहां युवाओं को सत्य, साहस और सेवा की प्रेरणा दी जा रही है। वहीं विद्यालय के प्रबंधक एवं आर्य समाज के जिलाध्यक्ष आदित्य प्रकाश आर्य ने युवाओं को मोबाइल संस्कृति से बाहर निकलकर मैदान और अनुशासन से जुड़ने का संदेश दिया। उन्होंने कहा कि विद्यालय का उद्देश्य केवल डिग्रीधारी नहीं, बल्कि चरित्रवान आर्य वीर एवं वीरांगनाएं तैयार करना है।
उल्लेखनीय है कि पांच दिवसीय शिविर में प्रतिदिन यज्ञ, योग, प्राणायाम और व्यायाम के साथ दिनचर्या प्रारंभ हुई। बौद्धिक सत्रों में महर्षि दयानन्द सरस्वती के जीवन दर्शन, वैदिक संस्कृति और राष्ट्र निर्माण में युवाओं की भूमिका पर व्याख्यान दिए गए। इसके साथ ही आत्मरक्षा, लाठी संचालन, नियुद्ध और आपदा प्रबंधन का भी प्रशिक्षण दिया गया। सांस्कृतिक कार्यक्रमों में देशभक्ति गीत, ओजस्वी कविताएं और वैदिक नाट्य मंचन आकर्षण का केंद्र रहे।
शिविर में गाजीपुर एवं आसपास के क्षेत्रों से आए 150 से अधिक आर्य वीर और वीरांगनाओं ने सहभागिता की। समापन अवसर पर उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले प्रतिभागियों को आर्य वीर दल की टी-शर्ट और प्रमाण पत्र देकर सम्मानित किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता आर्य समाज के प्रधान दिलीप कुमार वर्मा ने की, जबकि संचालन विद्यालय के प्रवक्ता प्रांशु उपाध्याय ने किया। आभार ज्ञापन संस्था के अध्यक्ष सुरेंद्रनाथ वर्मा ने किया।
इस अवसर पर आर्य समाज एवं विद्यालय प्रबंध समिति के अनेक पदाधिकारी, अभिभावक, विद्यालय परिवार और नगर के गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे। राष्ट्रगान एवं शांति पाठ के साथ शिविर का समापन हुआ।
Views: 12









