आंगनवाड़ी सहायिकाओं के रिक्त पदों पर भर्ती प्रक्रिया जारी
कुल 1352 रिक्त पदों के सापेक्ष 2900 आवेदिकाओं के हो रहे अभिलेख सत्यापन
गाजीपुर। जिले में आंगनबाड़ी सहायिकाओं के रिक्त 1352 पदों पर नयी नियुक्ति की प्रक्रिया जारी है। आवेदिकाओं के प्राप्त आवेदन पत्रों में से मेरिट के आधार पर शार्टलिस्ट कर करीब 2900 आवेदिकाओं के अभिलेखों का सत्यापन जारी है।
जिला कार्यक्रम अधिकारी संजय कुमार सोनी ने बताया कि जिले के 17 बाल विकास परियोजना कार्यालय के अंतर्गत कुल 1352 रिक्त आंगनबाड़ी सहायिका पदों के सापेक्ष 20,256 आवेदिकाओं ने आवेदन किया था। इनमें से मेरिट के आधार पर लगभग 2900 आवेदिकाओं के अभिलेखीय सत्यापन की प्रक्रिया तीन मई से चल रही है। विकास भवन आडिटोरियम में अभ्यर्थियों के दस्तावेज सत्यापन का कार्य किया जा रहा है।
उन्होंने कहा कि जिलाधिकारी के निर्देशन में दस्तावेज सत्यापन के कार्य में जिला परियोजना अधिकारी, डीडीओ, जिला सेवायोजन अधिकारी, जिला कृषि अधिकारी, दिव्यांग कल्याण अधिकारी सहित सत्रह जिलास्तरीय अधिकारी और समस्त ब्लाक के सीडीपीओ, सुपरवाइजर तथा शिक्षकों की ड्यूटी लगाई गई है। इसके लिए 16 टेबल बनाए गए हैं। यह चयन पूरी तरह से पोर्टल-बेस्ड मेरिट (कक्षा 12वीं के अंकों) पर आधारित है। आवेदकों के मूल प्रमाण पत्रों (अंकतालिका, निवास प्रमाण पत्र, जाति प्रमाण पत्र आदि) का सत्यापन किया जा रहा है।
Views: 3









