पत्रकारों की रंगदारी पड़ी भारी, आयी हवालात की बारी
गाजीपुर। ईंट भट्ठा मालिक पर धौंस जमाकर धन उगाही करने की नियत से मोटी रकम की मांग करने वाले चार पत्रकारों पर बिरनो थाना पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर कार्रवाई शुरू कर दी है।
बताते चलें कि मुहम्मदपुर परवां निवासी रोहित चौहान ने तहरीर में दर्शाया है कि गत 29 मार्च को उनके ईंट भट्ठे पर इकरार खान निवासी ग्राम शाहपुर, अजय कुमार निवासी ग्राम रंजीतपुर, आरिफ खान निवासी ग्राम नसीरपुर तथा प्रदीप दूबे निवासी ग्राम युसूफपुर आ धमके। सबने स्वयं को पत्रकार बताते हुए प्रदूषण प्रमाण पत्र को लेकर आपत्ति करते हुए भट्ठा बंद कराने की धमकी दी। इसके एवज में आरोपितों ने सवा लाख रुपये के धन उगाही की कोशिश की। उसके बाद उन्होंने फोन कर दबाव बनाते रहे। क्षेत्रीय अधिकारियों के सम्पर्क का हवाला देकर धमकाते रहे।
पत्रकारों की अनैतिक मांग से आजिज आकर पीड़ित भट्ठा व्यवसायी रोहित चौहान ने पुलिस उपमहानिरीक्षक वाराणसी वैभव कृष्ण से सम्पर्क साधा और फोन पर उन्हें पूरी घटना से अवगत कराया। डीआईजी वाराणसी ने मामले को गंभीरता से लिया। डीआईजी के हस्तक्षेप के बाद जिला पुलिस सक्रिय हो उठी। पीड़ित की तहरीर पर बिरनो थाना पर आरोपी पत्रकारों पर केस दर्ज किया गया। पुलिस मामले की तहकीकात में जूटी है।
क्षेत्रीय लोगों का कहना है कि धन उगाही करने वाले पत्रकारों पर जनता कड़ी कार्रवाई होनी चाहिए क्योंकि इनके कुकृत्य से पत्रकारिता व वास्तविक पत्रकारों की छवि भी धूमिल हो रही है।
Views: 27









