कार बाइक की भिड़ंत में युवक घायल
गाजीपुर। बहरियाबाद थाना क्षेत्र के गहनी गांव के समीप गुरुवार की शाम कार और बाइक की आमने-सामने हुई टक्कर में बाइक चालक गंभीर रूप से घायल हो गया जबकि कार सवार लोगों को भी हल्की चोटें आईं।
यह हादसा सैदपुर चिरैयाकोट वाया बहरियाबाद मार्ग पर गहनी गोपालपुर गांव के पास हुआ। आजमगढ़ जिले के तरवां निवासी एक परिवार वाराणसी की ओर से कार से वापस जा रहा था और बहरियाबाद की तरफ से संजय गौड़ (26वर्ष) पुत्र स्व. मंगरू उर्फ भगरन गौड़ निवासी प्यारेपुर सादात अपनी बाइक से सैदपुर की तरफ जा रहा था। अचानक वाहन अनियंत्रित होकर आपस में टकराकर सड़क किनारे गड्ढे में पलट गए। इस दुर्घटना में बाइक चालक संजय गौड़ के हाथ और पैर में गंभीर चोटें आईं। आस पास के लोगों ने इलाज के लिए उन्हें तत्काल आजमगढ़ के लालगंज स्थित अस्पताल में भर्ती कराया। घटना के सम्बन्ध में बहरियाबाद थानाध्यक्ष बृजेश कुमार ने बताया कि दुर्घटनाग्रस्त दोनों वाहनों को पुलिस ने कब्जे में ले लिया है। उन्होने जानकारी दी कि तहरीर मिलने के बाद मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
Views: 21








