तीन सप्ताह बाद भी हत्यारे पुलिस पहुंच से दूर
नहीं सुलझी बूढ़नपुर हत्याकांड की गुत्थी
गाजीपुर। सादात थाना क्षेत्र के बूढ़नपुर निवासी महेंद्र यादव की हत्या के 25 दिन बाद भी पुलिस के हाथ अब तक खाली हैं। लाख कवायद के बावजूद पुलिस अब तक हत्यारों तक नहीं पहुंच सकी।
बताया गया कि इस बीच पुलिस दर्जनों लोगों को हिरासत में लेकर पूछताछ की पर नतीजा वही ढाक के तीन पात रहा। इससे पुलिस की कार्यशैली पर सवालिया निगाहें लगी हुई हैं।
उल्लेखनीय है कि गत 31 दिसंबर की शाम बुढ़नपुर निवासी महेंद्र यादव (48 वर्ष) की धारदार हथियार से सिर कूचकर उस समय हत्या कर दी थी जब वह साइकिल से नहर के समीप स्थित अपने पम्पिंगसेट से करीब डेढ़ किलोमीटर दूर अपने घर खाना लाने जा रहे थे। हत्यारों ने उनके सिर और चेहरे पर किसी धारदार हथियार से प्रहार किया, जिससे उनकी मौके पर ही मौत हो गई। इस मामले में मृतक के भाई जयप्रकाश यादव ने अज्ञात हमलावरों के विरुद्ध प्राथमिकी दर्ज कराई थी। कहा जा रहा है कि पुलिस संदिग्ध लोगों से पूछताछ कर रही है। संदिग्धों का कॉल डिटेल चेक करने के साथ ही आपराधिक इतिहास भी खंगाला जा रहा है। वहीं ग्रामीणों का आरोप है कि पुलिस धन उगाही के फेरे में बेगुनाह लोगों को परेशान कर रही है। सत्यता चाहे जो भी हो परन्तु वास्तविकता तो यही है कि पुलिस अब तक हत्याकांड का पर्दाफाश करने में नाकामयाब है।
Views: 27








