फुल ड्रेस परेड रिहर्सल का एसपी ने किया निरीक्षण
गाजीपुर। गणतंत्र दिवस परेड की तैयारी में लगी पुलिसकर्मियों की परेड का निरीक्षण पुलिस अधीक्षक डॉ. ईरज राजा ने शनिवार को पुलिस लाइन स्थित परेड ग्राउंड में किया। इस दौरान उन्होंने परेड में सम्मिलित अधिकारियों एवं कर्मचारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश देते हुए अनुशासन, एकरूपता एवं उत्कृष्ट प्रदर्शन पर विशेष बल दिया।
रिहर्सल परेड की कमान क्षेत्राधिकारी लाइन शुभम वर्मा एवं क्षेत्राधिकारी कासिमाबाद अनुभव राजर्षि के नेतृत्व में संचालित की गई। परेड में विभिन्न टोलियों ने टोलीवार प्रतिभाग करते हुए अनुशासित और सशक्त प्रदर्शन किया। इस अवसर पर रिहर्सल परेड में मोटरसाइकिल दस्ता, एसओजी दस्ता, पीआरवी-112 दस्ता, स्पेशल टीम, यातायात पुलिस, फील्ड यूनिट/फॉरेंसिक टीम, रेडियो शाखा, फायर सर्विस टीम, महिला पुलिस दस्ता, प्रिजन वाहन तथा पुलिस बैण्ड ने सहभागिता कर पुलिस की शौर्य, सजगता एवं कार्यकुशलता का प्रभावी प्रदर्शन किया। पुलिस अधीक्षक ने सभी टोलियों का उत्साहवर्धन करते हुए कहा कि परेड में अनुशासन, तालमेल और एकरूपता अत्यंत आवश्यक है तथा प्रत्येक टोली को अपने प्रदर्शन को और बेहतर बनाने की दिशा में निरंतर प्रयास करना चाहिए। निरीक्षण के दौरान अपर पुलिस अधीक्षक नगर एवं ग्रामीण, समस्त क्षेत्राधिकारी, प्रतिसार निरीक्षक, पुलिस के अधिकारी-कर्मचारीगण के साथ-साथ क्षेत्रीय गणमान्य जन उपस्थित रहे।
Views: 47








