निःशुल्क नेत्र चिकित्सा शिविर में दो सौ मरीजों का उपचार
गाजीपुर। जखनियां तहसील क्षेत्र के स्वामी रामकृष्ण इण्टर कालेज जाहीं में मंगलवार को आर.जे.शंकरा नेत्रालय वाराणसी की टीम द्वारा निःशुल्क नेत्र चिकित्सा परीक्षण शिविर का आयोजन सम्पन्न हुआ। शिविर का शुभारम्भ प्रधानाचार्य प्रमोद कुमार मिश्र ने दीप प्रज्ज्वलित कर किया।
अपने सम्बोधन में प्रधानाचार्य ने कहा कि इस शिविर का उद्देश्य समाज के आर्थिक रूप से कमजोर लोगों की मदद करना है। दीन दुखियों की सेवा करना परम धर्म है। शिविर के द्वारा लोगों के जीवन में रोशनी का उपहार देने का यह एक छोटा प्रयास है। उन्होंने आर्थिक रूप से सबल लोगों से आगे आकर निर्बल व असहाय लोगों की सेवा करने का आह्वान किया। उन्होंने आर.जे.शंकरा नेत्रालय की पूरी टीम के प्रति आभार व्यक्त किया, जिन्होंने अपनी सेवाएं देकर इस पिछड़े क्षेत्र में लोगों की आंखों का उपचार किया। आर.जे.शंकरा नेत्रालय वाराणसी की टीम के डॉ.लवली शाह, चन्दन पटेल, सुमन, वरुण राय के दल ने करीब 200 लोगों का परीक्षण कर आवश्यक दवाएं और सुझाव दिया। जांचोपरांत 66 मरीजों को लेंस प्रत्यारोपण के लिए चुना गया, जिनका लेंस प्रत्यारोपण वाराणसी में किया जायेगा। शिविर संपन्न कराने में सर्वेश पाण्डेय, मदन पाण्डेय, जयप्रकाश पाण्डेय, डॉ. सन्तोष कुमार मिश्र, अशोक चौहान, गम्भीर यादव, सन्तोष यादव आदि की प्रमुख भूमिका रही।
Views: 41









