दोनों दुराचारी मुठभेड़ में घायलावस्था में गिरफ्तार
गाजीपुर। सादात थाना पुलिस ने दुराचार करने वाले दो शातिर अपराधियों को 12 घण्टे के अंदर पुलिस मुठभेड़ में घायलावस्था में गिरफ्तार कर उनके कब्जे से दो अवैध तमंचा.315 बोर, दो खोखा कारतूस व तीन जिंदा कारतूस बरामद कर लिया। दोनों अपराधियों पर कई मामले दर्ज हैं।
बताया गया कि रात में थानाध्यक्ष सादात वागीश विक्रम सिंह मय टीम गस्त में थे, उसी दरम्यान मुखबिर से सूचना मिली कि सादात रेलवे स्टेशन के समीप खंडहर में बलात्कार करने वाले दोनों अपराधी कहीं और जाने के मकसद से थाना क्षेत्र में मौजूद हैं। मुखबिर द्वारा प्राप्त सूचना के आधार पर सादात थानाध्यक्ष ने पुलिस टीम के साथ बदमाशों को सवास मोड़ के पास घेरने का प्रयास किया गया। खुद को घिरा देख बदमाशों द्वारा पुलिस टीम पर निशाना लगाकर फायर किया जाने लगा। पुलिस की जवाबी फायरिंग में दोनों बदमाशों के पैर में गोली लगी और उन्हें गिरफ्तार कर लिया गया। गिरफ्तार अभियुक्तों में राहुल भरद्वाज पुत्र पंचम भरद्वाज निवासी वार्ड न.-09 कस्बा सादात गाजीपुर तथा अरूण यादव पुत्र शीतल यादव निवासी ग्राम मरदापुर थाना सादात गाजीपुर रहे। उन्हें इलाज हेतु सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र सादात भेजा गया। पुलिस मुठभेड़ एवं बरामदगी के संबंध में अभियोग पंजीकृत कर वैधानिक कार्यवाही की गयी।
Views: 83








