समरसता सहभोज में अगड़ो,पिछड़ों तथा दलितों ने खायी खिचड़ी 

गाज़ीपुर। अखिल भारतीय बनवासी कल्याण आश्रम से सम्बद्ध सेवा समर्पण संस्थान द्वारा लगातार 26वें वर्ष समरसता खिचड़ी सहभोज का आयोजन बुधवार को सम्पन्न हुआ।                             जहूराबाद विधान सभा के बाराचवर स्थित योगेन्द्र सिंह इन्टर कालेज में संपन्न कार्यक्रम में  हजारों की संख्या में उपस्थित मुसहर, डोम, बाँसफोर, नट, नोना चमार व अन्य दलित जाति सहित अन्य जातियों के लोगों को एक साथ खिचड़ी खिलायी गयी। वहीं गरीब लोगों को कम्बल वितरित कर उनके चेहरे पर मुस्कान लाने की कोशिश की गयी।                                                            


           उपस्थित जन समुदाय को संबोधित करते हुए मुख्य अतिथि राज्य सभा सदस्य नीरज शेखर ने कहा कि अगर हमें सनातन धर्म के खोये गौरव को पुनः प्राप्त करना है तो जातिगत भेद-भाव, असमानता तथा छुआ-छूत को दूर करना पड़ेगा। लोगों को जागरूक करने के लिए और इसके लिए इस तरह के समरसता सहभोज एवं सम्मलेन का गाँव-गाँव में आयोजन करना होगा I

         विशिष्ट अतिथि पूर्व विधायक कालीचरण राजभर ने अपने विधान सभा क्षेत्र में ऐसा आयोजन करने के लिए सेवा समर्पण संस्थान के प्रति आभार एवं धन्यवाद ज्ञापित किया I अन्य विशिष्ट अतिथियों में रामराज वनवासी, राममूर्ति बाँसफोर तथा मदनलाल भारती ने अपने संबोधन में आह्वान किया कि यदि समाज का विकसित वर्ग पिछड़ा दलित वनवासी समाज को आदर व सम्मान देते हुए अपना सहोदर मान ले तो  यह देश तत्काल विकसित देश बन जायेगा तथा समाज में अमन चैन खुशहाली का माहौल बन जायेगा I

         कार्यक्रम के अध्यक्ष भारतीय जनता पार्टी के जिला अध्यक्ष ओम प्रकाश राय ने कहा कि अखिल भारतीय बनवासी कल्याण आश्रम तथा सेवा भारती जैसे संगठनों ने देश के वनवासी दलित तथा पिछड़े समाज के सर्वांगीण विकास तथा समरसता हेतु अथक प्रयास किया है I भारत के यशस्वी प्रधान मंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में भारतीय जनता पार्टी तथा सरकारी मशीनरी सामाजिक समरसता तथा समानता के लिए प्रतिबद्ध है Iइससे पहले आयोजक मण्डल से अनिल चौहान, सुधीर सिंह, वृजेन्द्र सिंह व राजकुमार झाबर इत्यादि ने अतिथियों का अंग वस्त्रण एवं फूल माला से स्वागत किया I सेवा समर्पण संस्थान के पदाधिकारी नीरज श्रीवास्तव, जीतेन्द्र सिंह, बबलू जायसवाल, हरिहर वनवासी, मंगरू बनवासी, प्रभाकर त्रिपाठी, संतोष जायसवाल इत्यादि ने आयोजन में प्रमुख भूमिका निभाई। कार्यक्रम का संचालन उत्थान फाउनडेशन के सचिव संजीव कुमार गुप्त  तथा आभार ज्ञापन सुधीर सिंह ने किया I

Views: 33

Advertisements

Leave a Reply