‘हमारा आंगन-हमारे बच्चे’ कार्यक्रम में बच्चों को शिक्षित करने पर दिया जोर
गाजीपुर। बेसिक शिक्षा और बाल विकास परियोजना विभाग के संयुक्त तत्वावधान में ‘हमारा आंगन-हमारे बच्चे’ कार्यक्रम जीउतदास इंटर कॉलेज चैनपुर सादात में सम्पन्न हुआ।
कार्यक्रम का शुभारंभ बाल विकास परियोजना अधिकारी सोनम सिंह और खंड शिक्षा अधिकारी सीताराम यादव द्वारा मां सरस्वती के चित्र के सम्मुख दीप प्रज्ज्वलित कर किया गया। खंड शिक्षा अधिकारी सीताराम यादव ने इस अवसर पर सरकार की महत्वाकांक्षी योजनाओं पर प्रकाश डाला। उन्होंने कहा कि बच्चे देश का भविष्य हैं। उन्होंने ‘सब पढ़ें, सब आगे बढ़ें’ के सिद्धांत को अपनाने पर बल दिया। कहा कि शिक्षा विकास की कुंजी है और इस पर सभी का समान हक है। उन्होंने कहा कि सरकार का लक्ष्य है कि कोई भी बच्चा पढ़ाई से वंचित न रहे। इसी उद्देश्य से प्री-प्राइमरी शिक्षा के लिए समुदाय में जागरूकता बढ़ाने हेतु यह कार्यक्रम शुरू किया गया है। इसमें छोटे बच्चों को शिक्षित करने की जिम्मेदारी आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं और शिक्षकों के साथ ही उनके अभिभावकों की भी है।
कार्यक्रम में विद्यालय के शिक्षार्थियों ने सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत कर मन मोह लिया। इस अवसर पर अतिथियों द्वारा कार्यक्रम में चयनित 65 निपुण बच्चों को पुरस्कृत प्रदान कर सम्मानित किया गया। कार्यक्रम में आंगनबाड़ी सुपरवाइजर मंजू सिंह, अंजलि सिंह, ममता, सुशील चौबे, राजबहादुर सिंह, राजन आदि लोग मौजूद रहे।
Views: 17








