गहमर हत्याकांड का वांछित अभियुक्त मुठभेड़ में घायलावस्था में गिरफ्तार 

गाजीपुर। थाना  कोतवाली गहमर पुलिस ने हत्या में वांछित अभियुक्त को पुलिस मुठभेड़ में घायलावस्था में गिरफ्तार कर उसके कब्जे से एक देशी तमन्चा .315 बोर मय खोखा कारतूस .315 बोर बरामद कर लिया।


      पुलिस सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार, प्रभारी निरीक्षक थाना गहमर व चौकी प्रभारी सेवराई रात्रि गश्त में क्षेत्र में क्षेत्र में चक्रमणरत थे। उसी दौरान मुखबिर की सूचना पर, गत दिनों हुई तिहरे हत्याकांड के वांछित अभियुक्त को प्रभारी निरीक्षक मय हमराहियों द्वारा मठिया घाट के पास घेरने का प्रयास किया  तो उसने पुलिस टीम पर फायर कर दिया। लगा, पुलिस टीम द्वारा आत्मरक्षार्थ जवाबी फायरिंग की गयी। पुलिस की गोली उसके बाएं पैर में लगी और पुलिस ने उसे घायलावस्था में धर दबोचा।  गिरफ्तार अभियुक्त ओम सिंह पुत्र सुनील सिंह निवासी ग्राम गहमर पट्टी खेलू राय थाना गहमर जनपद गाजीपुर का निवासी है और उस पर आधा दर्जन अपराधिक मामले दर्ज हैं।

      उल्लेखनीय है कि गहमर थाना क्षेत्र के ग्राम पंचायत गहमर के खेलू राय  पट्टी में पूर्व से  चल रहे  विवाद को लेकर बुधवार की रात करीब ग्यारह बजे एक दर्जन हमलावरों ने बाइक सवार तीन युवकों को धारदार हथियारों से वार कर खूनी तांडव किया और उनको अर्जून बाबा की परती स्थिति तालाब में फेंक दिया। इस जघन्य हत्याकांड से पूरा गांव सिहर उठा। घटना को लेकर गांव के लोगों में आक्रोश फैल गया। काफी मशक्कत के बाद पुलिस ने स्थिति पर काबू पाया। घटना से सम्बन्धित एक मृतक विक्की सिंह (22वर्ष) पुत्र संजय सिंह निवासी खेमन राय पट्टी गहमर, थाना-गहमर का शव सुबह तथा दूसरे मृतक सौरभ सिंह (21वर्ष) पुत्र लक्ष्मण सिंह निवासी पट्टी बाबूराय गहमर, थाना गहमर का शव गुरुवार को अपरान्ह अर्जून बाबा की परती स्थिति तालाब से बरामद हुआ। घटना से सम्बन्धित तीसरा पीड़ित अंकित सिंह (23वर्ष) पुत्र अरुण सिंह जो ननिहाल में रहता था, तीन दिन बीतने के बाद भी उसका कोई पता नहीं चल सका। इससे ग्रामीणों में पुलिस की कार्यशैली पर सवालिया निशान लग रहा है कि छोटी मोटी घटनाओं के आरोपियों को पकड़ कर अपनी पीठ थपथपाने वाली पुलिस आखिर तीसरे मृत युवक का शव अब तक क्यों नहीं बरामद कर सकी? शनिवार की दोपहर बाद थाने पर जुटे आक्रोशित ग्रामीणों की स्थिति देखकर वहां मौजूद पुलिसकर्मी बगलें झांकते रहे। लोगों ने पुलिस पर आरोपियों को बचाने का आरोप लगाया और गायब युवक के शव को बरामद करने का दबाव बनाया। स्थिति की गम्भीरता को देखते हुए क्षेत्राधिकारी ने स्थिति को संभाला और लोगों को समझा बुझाकर शांत कराया। उन्होंने कहा कि मामले पर उच्चाधिकारियों की भी सतर्क निगाहें लगी हैं। हत्यारोपियों की गिरफ्तारी हेतु पुलिस टीमें लगातार प्रयास में हैं।

         पुलिस टीम ने मुठभेड़ में उक्त हत्याकांड के वांछित आरोपी को घायलावस्था में गिरफ्तार किया है। गिरफ्तारी के बाद पुलिस अभिरक्षा में उसे इलाज हेतु सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र भदौरा में भर्ती कराया गया । मुठभेड़ एवं बरामदगी के संबंध में अभियोग पंजीकृत कर पुलिस वैधानिक कार्यवाही में जुटी रही।

Views: 71


Leave a Reply