सनम हमसे क्या पर्दा……गोपनीयता रहेगी बरकरार

अपराधिक गतिविधियों पर नियंत्रण हेतु पुलिस ने जारी किया व्हाट्सएप नंबर 


गाजीपुर। क्षेत्र की अपराधिक गतिविधियों पर प्रभारी अंकुश लगाने हेतु पुलिस उपमहानिरीक्षक वाराणसी वैभव कृष्ण द्वारा एक ह्वाट्सएप ग्रुप तैयार किया गया है। उस ह्वाट्सएप ग्रुप के जरिए कोई भी व्यक्ति क्षेत्र में चल रही अपराधिक मामलों की जानकारी दे सकता है। इसे “पुलिस सतर्क मित्र” का नाम दिया गया है। पुलिस सतर्क मित्र का  ह्वाट्सएप नं. 7839860411 है

       उल्लेखनीय है कि वाराणसी रेंज के जौनपुर, गाजीपुर एवं चन्दौली जिले के किसी भी क्षेत्र में कोई भी अवैध गतिविधि की यदि किसी नागरिक को सूचना मिले अथवा देखा जाये तो उसकी सूचना गोपनीय रुप से ह्वाट्सएप नं. 7839860411 पर मैसेज भेज कर अथवा दर्शाये गये क्यूआर कोड को स्कैन  करके भेजी जा सकती है। इस पर सूचना देने वाले नागरिक का मोबाइल नम्बर अथवा अन्य कोई भी जानकारी गोपनीय होगी। इस पर प्राप्त जानकारी मिलते ही यह अपने आप उस व्यक्ति से विभिन्न विकल्पों के माध्यम से पूर्ण सूचना प्राप्त कर लेगा। इस पर गौ-तस्करी/ गौवध, अवैध मादक पदार्थ (ड्रग्स, शराब, हुक्का बार), अवैध हथियार (उत्पादन, वितरण या बिक्री से सम्बन्धित), जुआ / सट्टा, वेश्यावृत्ति / महिला एवं बाल तस्करी / अवैध स्पा, छेड़छाड़ वाले स्थान (ऐसे स्थान जहाँ पर महिलाओं से छेडछाड होती है परन्तु पुलिस की ड्यूटी नहीं पायी जाती है), अवैध खनन / ओवरलोड वाहन, जबरन वसूली / पुलिस भ्रष्टाचार, जबरन धर्म परिवर्तन सहित अन्य कोई सूचना दी जा सकती है। इस ह्वाट्सएप पर अवैध गतिविधि की सूचना, फोटो, वीडियो, आडियो मैसेज, टेक्स्ट मैसेज के माध्यम से भेजी जा सकती है।

    बताया गया है कि कई बार ऐसा देखा गया है कि जनपदों में होने वाली किसी गम्भीर घटना जैसे हत्या, लूट, चैन स्नैचिंग आदि की सीसीटीवी फुटेज अथवा इन घटनाओं की फोटो अथवा अपराधियों की फोटो नागरिकों के पास होती है परन्तु उनका नाम सार्वजनिक न हो जाये इस डर अथवा संकोच से ये फोटो/वीडियो/अन्य जानकारी पुलिस को नहीं दी जाती है। ऐसी किसी भी सूचना को देने का भी विकल्प इसमें रखा गया है। इस पर जो भी सूचनाएं दी जायेंगी वह सीधे सम्बन्धित जनपद के पुलिस अधीक्षक कार्यालय एवं डीआईजी वाराणसी कार्यालय में प्राप्त होंगी। पुलिस अधीक्षक कार्यालय द्वारा सूचनाओं पर आवश्यक कार्यवाही कराये जाने हेतु किसी अधिकारी को ह्वाट्सएप के माध्यम से ही राम्बन्धित सूचना भेजी जायेगी एवं इस पर कार्यवाही किये जाने के बाद सम्बन्धित अधिकारी द्वारा कृत कार्यवाही का विवरण फोटो / वीडियो/मैसेज के द्वारा वापस भेजा जायेगा। प्रत्येक सूचना पर आवश्यक कार्यवाही के उपरान्त सूचना देने वाले नागरिक को भी उससे सम्बन्धित मैसेज स्वतः चला जायेगा। यदि किसी थाने अथवा चौकी के पुलिसकर्मी भी किसी अवैध गतिविधि जैसे गौ-तस्करी, शराब तस्करी, अवैध हथियार तस्करी अथवा अन्य किसी अवैध गतिविधि / भ्रष्टाचार में संलिप्त पाये जाते हैं तो वह सूचना भी नागरिकों के द्वारा इस पर दी जा सकती है। वाराणसी रेंज के जनपद जौनपुर, गाजीपुर एवं चन्दौली में नागरिक इस ‘पुलिस सतर्क मित्र ह्वाट्सएप बाट 7839860111 एवं दिये गये क्यूआर कोड का प्रयोग कर अवैध गतिविधियों से मुक्त एक स्वच्छ समाज देने में पुलिस की मदद करें।

Views: 86

Advertisements

Leave a Reply