फंदे पर लटकता मिला विवाहिता का शव

गाजीपुर। बहरियाबाद थाना क्षेत्र के बेलवरिया वृंदावन गांव में सोमवार को  28 वर्षीया विवाहिता सरिता यादव पत्नी तेज प्रताप यादव की रहस्यमय परिस्थितियों में हुई मौत को लेकर चर्चाओं का बाजार गर्म है।


        एक तरफ जहां मृतका के पति उसे  फांसी लगाकर आत्महत्या करने की बात करते हैं तो दुसरी तरफ मृतका के मायके वालों ने सरिता की मौत पर संदेह व्यक्त करते हुए कार्रवाई की बात कही। मृत्यु की सूचना पर पहुंची बहरियाबाद थाना पुलिस ने मृतका के शव को कब्जे में लेकर जखनियां तहसील के नायब तहसीलदार की मौजूदगी में पंचनामा भरकर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। 

          बताया गया कि मऊ जनपद के बस्तियार चक निवासी रामसमुझ यादव की पुत्री सरिता की शादी  12 मई 2021 को गाज़ीपुर के बहरियाबाद थाना क्षेत्र के बेलवरिया वृंदावन निवासी तेज प्रताप यादव के साथ हुई थी। उनका करीब साढ़े चार वर्षीय बेटा किट्टू है। सोमवार को पुलिस कंट्रोल रूम को सरिता द्वारा फंदे पर लटक कर आत्महत्या करने की सूचना मिली। बहरियाबाद थाना पुलिस के मौके पर पहुंचने से पहले ही ग्रामीणों ने कमरे का दरवाजा तोड़कर पंखे की कुंडी से साड़ी के फंदे से लटके शव को नीचे उतारकर बिस्तर पर लिटा दिया था। पुलिस के साथ ही घटनास्थल पर पहुंची फील्ड यूनिट टीम ने मौके से साक्ष्य एकत्रित किया। मृतका के भाई राहुल और चाचा घुरभारी यादव ने पुलिस को बताया कि सरिता रविवार को ही अपने पति के साथ मायके से ससुराल वापस आयी थी। वह इस बात से भौचक्के थे कि आखिर ऐसा क्या हुआ कि सरिता ने फांसी लगा ली। लोगों का कहना है की हत्या का कारण क्या रहा यह पोस्टमार्टम की रिपोर्ट से ही निश्चित होगा। इस रिपोर्ट पर सब की निगाहें लगी हुई हैं।

Views: 29

Advertisements

Leave a Reply