बुजुर्ग जन परिवार की रीढ़, इन्हें रखें सुरक्षित 

बुजुर्गों के नाम समर्पित रहा विद्यालय का कार्यक्रम


गाज़ीपुर। सेंट जॉन स्कूल, तुसलीपुर, गाज़ीपुर में ‘ग्रैंड पेरेंट्स डे’ हर्षोल्लास के साथ समारोह सम्पन्न हुआ। विद्यालय के प्राचार्य फ़ा. आनंद के मार्गदर्शन में आयोजित कार्यक्रम के मुख्य अतिथि फ़ा. मैथ्यू कयानी तथा विशिष्ट अतिथि फ़ा. एंटोनी रोड्रिगस रहे।

    कार्यक्रम का शुभारंभ अतिथियों ने दीप प्रज्वलन कर किया। प्राचार्य फ़ा. आनंद एवं हेडमिस्ट्रेस सिस्टर सुरभि ने अतिथियों का अंगवस्त्र एवं पुष्पगुच्छ भेंट कर  स्वागत किया। वहीं छात्रों के अभिभावकों को मुख्य अतिथि द्वारा विशेष रूप से सम्मानित किया गया।

        कार्यक्रम में विद्यालय के छात्रों ने अपने अभिनय से उपस्थित जन समुदाय को उमंगीत कर दिया। यह आयोजन पूर्णतः परिवार के बड़े-बुजुर्गों को समर्पित रहा, जिसके माध्यम से विद्यालय ने यह प्रेरक संदेश दिया कि दादा-दादी, नाना-नानी परिवार की अमूल्य धरोहर हैं और उनका मार्गदर्शन प्रत्येक बालक के सर्वांगीण विकास के लिए अत्यंत आवश्यक है। कार्यक्रम का आकर्षण केंद्र बच्चों द्वारा प्रस्तुत गीत “आओ तुम्हें चाँद पर ले जाएँ…” रहा, जिसने उपस्थित अतिथियों को मंत्रमुग्ध कर दिया। विद्यार्थियों ने “परिवार का स्तंभ” नामक नाटक के माध्यम से संयुक्त परिवार के महत्व और बुज़ुर्गों के योगदान का भावनात्मक चित्रण प्रस्तुत कर लोगों को भाव विभोर कर दिया।

       मुख्य अतिथि ने अपने संबोधन में बड़े बुजुर्गों को समर्पित कार्यक्रम की प्रशंसा करते हुए कहा कि इससे समाज में सकारात्मक सोच और संस्कारों को विकसित करने में सफलता मिलेगी।

      प्राचार्य फ़ा. आनंद ने छात्रों के जीवन में बुज़ुर्गों के मार्गदर्शन एवं आशीर्वाद के महत्व पर प्रकाश डालते हुए सभी को संस्कारवान समाज निर्माण हेतु प्रेरित किया। कार्यक्रम में सिस्टर लीमा, प्राचार्या सेंट मैरीज़ कॉन्वेंट स्कूल गाज़ीपुर, ओमकार नाथ राय, फ़ा. मुकेश, सिस्टर रोशिता सहित काफी संख्या में सम्मानित जन और बड़े बुज़ुर्ग उपस्थित रहे। धन्यवाद ज्ञापन विद्यालय कप्तान शौर्य ने किया।

Views: 26

Advertisements

Leave a Reply