पवन बसंती बहे मेरे देश में, बात ऐसी कहां है यारा परदेश में
पर्यावरण प्रदूषण के साथ ही मानसिक प्रदूषण से भी बचना आवश्यक – व्यास मुनि राय
गाजीपुर।जिला पत्रकार समिति सभागार सिद्धेश्वर नगर में मिशन जामवंत से हनुमानजी के राष्ट्रीय संयोजक सूर्य कुमार सिंह के प्रमुख संयोजन में सम्पन्न काव्य गोष्ठी में दर्शक भाव विभोर हो उठे।
अखिल भारतीय लेखक कवि कलाकार परिषद के संस्थापक कवि इन्द्रजीत तिवारी निर्भीक के संचालन में आयोजित गाजीपुर दर्पण काव्य संगम एवं सम्मान समारोह की अध्यक्षता मुम्बई फिल्म जगत के प्रख्यात गीतकार एवं आजमगढ़ के निवासी डॉ. राजकुमार आशिर्वाद – राज साहब ने की। बलियां के प्रख्यात कवि डॉ. भोला प्रसाद आग्नेय के मुख्य आतिथ्य एवं प्रख्यात शिक्षाविद् प्रोफेसर रणविजय सिंह एवं व्यास मुनि राय की गरिमामयी उपस्थिति में पूर्वांचल के विभिन्न जनपदों के उपस्थित रचनाकारों ने श्रोताओं को मंत्रमुग्ध कर दिया।
आयोजन अध्यक्ष डॉ. राजकुमार आशिर्वाद ने सुनाया – पवन वसंती बहे मेरे देश में, बात कहां ऐसी है यारा परदेश में। वहीं हंटर गाजीपुरी ने पढा एकता का दिया जलाना है, दूर शैतानों को भगाना है, तो अर्चना आनन्द ने बेटी पर लिखी अपनी रचना – मैं एक बेटी हूं सुनो मेरी आवाज़,सुनो मेरी दिल की बात सुनाकर तालियां बटोरी।
इसी क्रम में कृष्णानंद दुबे गोपाल ने – यही मेरे दिल में अरमां मचल रहे हैं,रहे शांति अमन सारे जहां में, अनिल कुमार सिंह अनिलाभ ने – बहुत पहले से कह रहा हूं, तुम सुने ही नहीं, दिनेश चन्द्र शर्मा ने – आग नफरत की तुम तो जलाते रहे,लोग आते रहे और जाते रहे, शायर सत्यवान साहब फौजी ने – उलझन की बारिशों से ये थकान चल रहा है, सिर पर उठाये कोई आसमान चल रहा है, इन्द्रजीत तिवारी निर्भीक ने-शीतकाल का मौसम अब धीरे- धीरे चलने लगा है, मनमाने मौसम को देखकर मन मचलने लगा है, सुनाकर लोगों की वाह वाही लूटी।
मुख्य अतिथि डॉ. भोला प्रसाद आग्नेय ने कहा कि -खाऊंगा ना खाने दूंगा तो फिर घर – घर शौचालय किसलिए बनवा रहे हो सुनाकर श्रोताओं को लोट-पोट कर दिया।
प्रमुख संरक्षक प्रोफेसर रणविजय सिंह ने पर्यावरण प्रदूषण को जन-जन की व्यक्तिगत समस्या बताते हुए कहा कि इसको दूर करने के लिए जन-जन को प्रयास करने की जरूरत है। डॉ. व्यास मुनि राय ने मानव के नैतिक पतन की चर्चा करते हुए पर्यावरण प्रदूषण के साथ ही साथ मानसिक प्रदूषण को भी दूर भगाने की आवश्यकता पर बल दिया।
इस अवसर पर प्रमुख संयोजक सूर्य कुमार सिंह ने कहा कि जैविक खेती, बागवानी हर मानव को अपना परम धर्म समझकर जहां भी जैसे भी संभव करना चाहिए। स्वागत संयोजक मिशन जामवंत से हनुमानजी के गाजीपुर जिला सह संयोजक कुंजबिहारी राय ने किया। उक्त आयोजन में विशेष रूप से उमेशचंद्र राय, प्रेम प्रकाश द्विवेदी, बाबूलाल मानव, डॉ.विरेन्द्र यादव, प्रवीण कुमार श्रीवास्तव सहित अनेकों विशिष्ट लोगों ने भी पर्यावरण प्रदूषण मुक्ति के लिए विचार व्यक्त किया। धन्यवाद आभार प्रमुख संयोजक सूर्यकुमार सिंह ने व्यक्त किया।
Views: 13








