नारी सुरक्षा, सम्मान एवं स्वावलंबन विषयक जागरूकता कार्यक्रम सम्पन्न
गाजीपुर। राजकीय महिला स्नातकोत्तर महाविद्यालय में जिला परिवीक्षा अधिकारी द्वारा नारी सुरक्षा, सम्मान एवं स्वावलंबन विषय पर जागरूकता कार्यक्रम सम्पन्न हुआ।
मिशन शक्ति के अंतर्गत आयोजित कार्यक्रम में जिला प्रोबेशन अधिकारी संजय सोनी एवं वन स्टॉप केन्द्र संचालक श्रीमती प्रियंका प्रजापति की टीम ने भागीदारी निभाई।
कार्यक्रम में महाविद्यालय की छात्राओं को बताया गया कि उत्तर प्रदेश में वन स्टॉप सेंटर योजना एक सरकारी पहल है जो हिंसा से प्रभावित महिलाओं को एक ही छत के नीचे चिकित्सा, कानूनी सहायता, पुलिस और मनोवैज्ञानिक परामर्श सहायता जैसी एकीकृत सेवाएं प्रदान करती है। यह योजना संकटग्रस्त महिलाओं को अस्थायी आश्रय, पुलिस सहायता और अन्य आवश्यक सेवाएं उपलब्ध कराती है। धह हिंसा से प्रभावित महिलाओं को निजी और सार्वजनिक स्थानों पर सुरक्षित और एकीकृत सहायता प्रदान करना, आपातकालीन और गैर-आपातकालीन स्थिति में महिलाओं को चिकित्सा, कानूनी, मनोवैज्ञानिक और पुलिस सहायता तक तत्काल पहुंच सुगम बनाने हेतु कार्य करती है। महिलाओं को हिंसा से लड़ने के लिए एक ही छत के नीचे सभी आवश्यक सेवाओं को उपलब्ध कराना ही इस योजना का प्रमुख उद्देश्य है।
जिला बाल संरक्षण अधिकारी श्रीमती गीता श्रीवास्तव ने छात्राओं को बताया कि उत्तर प्रदेश में बाल संरक्षण के लिए मुख्य रूप से मुख्यमंत्री बाल सेवा योजना (कोविड और सामान्य) और मिशन वात्सल्य (पूर्व में एकीकृत बाल संरक्षण योजना) जैसी योजनाएं हैं। मुख्यमंत्री बाल सेवा योजना ,मिशन वात्सल्य का उद्देश्य बच्चों को शोषण, उपेक्षा और परित्याग से बचाना और उन्हें एक सुरक्षित वातावरण प्रदान करना है। महाविद्यालय की मिशन शक्ति प्रभारी लेफ्टिनेंट डॉ. शशि कला जायसवाल ने कहा कि छात्राएं इन सभी योजनाओं से अवगत होकर इसे का लाभ उठा सकती हैं क्योंकि इनका संचालन प्रदेश सरकार महिलाओं के विशेष हित हुए कर रही है। प्राचार्य प्रोफेसर अनिता कुमारी ने जिला प्रोबेशन अधिकारी और उनकी टीम का आभार व्यक्त किया और मिशन शक्ति के इस विजन को सार्थक बनाने के लिए उनके योगदान की प्रशंसा की। कार्यक्रम में महाविद्यालय की एनसीसी की 78 कैडेट्स एवं राष्ट्रीय सेवा योजना एवं अन्य विभागों से बड़ी संख्या में छात्राएं उपस्थित रहीं।
Views: 18









