नवरात्रि में चारों तरफ़ दुर्गा पूजा की धूम 

गाजीपुर। नवरात्रि के पावन पर्व पर पूजा पंडालों में सुशोभित माता रानी की अलौकिक प्रतिमाओं का दर्शन पूजन श्रद्धालुओं द्वारा लगातार जारी है। देवी गीतों, श्रद्धालुओं के जयकारों और हवन पूजन की सुगन्ध से पूरा वातावरण भक्तिमय हो रहा है। भीड़ को नियंत्रित करने में पुलिस प्रशासन और पूजा समितियों को काफी मशक्कत करनी पड़ रही है। 


     जनपद के विभिन्न क्षेत्रों में पूजा पंडालों में मां दुर्गा के विभिन्न रुपों को दर्शाती प्रतिमाएं श्रद्धालुओं में आकर्षण का केन्द्र बनी हुई हैं। सादात नगर पंचायत के वार्ड छह में मां दुर्गा क्लब द्वारा स्थापित दुर्गा प्रतिमा भक्तों के बीच चर्चा का विषय बनी हुई है। इस प्रतिमा में मां दुर्गा की आंखें इलेक्ट्रॉनिक उपकरणों की सहायता से खुलती और बंद हो रही हैं। पूजा पंडाल में स्थापित इस अनूठी प्रतिमा को देखने के लिए बड़ी संख्या में श्रद्धालु पहुंच कर मत्था टेक रहे हैं। इसी क्रम में प्रसिद्ध सिद्धपीठ हथियाराम मठ की अधिष्ठात्री मां वृद्धम्बिका माता व सिद्धीदात्री माता मन्दिर, सैदपुर व हरिहरपुर के मां काली मंदिर, करीमुद्दीनपुर के मां कष्टहरणी माता मन्दिर, अमवा के सती माता मन्दिर तथा करहिया के कामख्या धाम मन्दिर व दिलदारनगर के सायर माता मन्दिर सहित सभी देवी मन्दिरों में नवरात्र के प्रथम दिन से ही भक्तों का हुजूम उमड़ रहा है और दुर्गोत्सव की धूम मची है।

     वहीं पुलिस महिलाओं और बालिकाओं पर अश्लील व अभद्र टिप्पणी करने वाले शोहदों के खिलाफ सख्त कार्रवाई हेतु सतर्कता से लगी हुई है। महिलाओं पर छींटाकशी करने वाले शोहदों को दबोच पुलिस उन्हें सबक सिखा रही है।

    महिलाओं की सुरक्षा एवं सम्मान को लेकर उत्तर प्रदेश शासन द्वारा चलाए जा रहे मिशन शक्ति फेज-5.0 के तहत  विभिन्न क्षेत्रों से पुलिस ने दर्जनों शोहदों को सबक सिखाया है। नन्दगंज व जंगीपुर थाना पुलिस ने कई लोगों को हवालात पहुंचा दिया है।

Views: 16

Advertisements

Leave a Reply