लखटकिया कुख्यात अपराधी पुलिस मुठभेड़ में ढेर
आजमगढ़। उत्तर प्रदेश एसटीएफ ने दौराने मुठभेड़, एक लाख का इनामियां कुख्यात अपराधी शंकर कनौजिया को मुठभेड़ में धराशायी कर दिया। वह रौनापार थाना क्षेत्र के हाजीपुर गांव का निवासी था।
शातिर बदमाश शंकर कनौजिया लूट, अपहरण और हत्या जैसे संगीन अपराधों में शामिल था और उस पर कई मामले दर्ज थे। फरारी के दौरान भी वह शांत नहीं रहा बल्कि अपने गैंग के साथ अपराधिक घटनाओं को अंजाम देता रहता था।
शंकर कनौजिया के अपने गैंग के साथ आजमगढ़ के जहानागंज थाना क्षेत्र में होने की सूचना पर वाराणसी एसटीएफ टीम ने शनिवार की सुबह उस क्षेत्र को घेर लिया। अपने को घिरते देख शंकर कनौजिया ने एसटीएफ टीम पर ताबड़तोड़ गोलीबारी शुरू कर दी। एसटीएफ की आत्मरक्षार्थ जवाबी फायरिंग में शंकर कनौजिया को गोली लग गयी और एसटीएफ ने उसे कब्जे में लेकर अस्पताल पहुंचाया जहां चिकित्सक ने जांचोपरांत उसे मृत घोषित कर दिया। एसटीएफ ने घटनास्थल से एक 9 एम एम कार्बाइन, 9एम एम पिस्टल, भारी मात्रा में जिंदा कारतूस और खोखा कारतूस और एक खुखरी बरामद किया है।
बताते चलें कि शंकर कनौजिया लम्बे समय से अपराध की दुनिया में सक्रिय था। मऊ जिले के दोहरीघाट थाना क्षेत्र में वर्ष 2011 में उसने लूट के दरम्यान ही विंध्याचल पांडेय की गला रेतकर हत्या कर दी थी। उसके बाद से ही वह फरारी काट रहा था। वहीं जुलाई 2024 में शंकर ने महाराजगंज निवासी शैलेंद्र सिंह का अपहरण कर लोडर गाड़ी लूट कर शैलेंद्र सिंह की नृशंस तरीके से हत्या कर दी थी। और शैलेंद्र सिंह का सिर उनके शरीर से गायब कर दिया था। इस घटना के बाद शंकर पर एक लाख रुपये का इनाम घोषित किया गया था। शंकर की सुरागरसी में एसटीएफ सहित कई जिलों की पुलिस टीमें लगी हुई थी।
Views: 112









