ड्राइवर की झपकी से दुकान में घुसी ट्रक
गाजीपुर। चालक की झपकी के कारण, बुधवार की अलसुबह एक ट्रक अनियंत्रित होकर, शटर तोड़ते हुए मकान में जा घुसी। गनीमत रही कि वहां कोई हताहत नहीं हुआ। ट्रक की टक्कर से मकान को काफी नुकसान हुआ और दुकान में रखी मोटर साइकिल भी टूट गई ।
बताया गया कि वाराणसी निवासी ट्रक ड्राइवर राजेश यादव मऊ से ट्रक में जरी (रेशम धागा) लेकर वाराणसी शहर के चौकाघाट जा रहा था। बुधवार की अल सुबह करीब साढे़ चार बजे ट्रक सैदपुर- बहरियाबाद मार्ग पर भीमापार बाजार से गुजर रहा था तभी चालक को झपकी आ गयी और ट्रक अनियंत्रित होकर भीमापार निवासी लल्लन जायसवाल की दुकान का शटर तोड़ते हुए दुकान में जा घुसा।
तेज आवाज के चलते लोगों की नींद टूट गई। लोगों ने वहां पहुंच कर देखा कि ट्रक शटर तोड़कर दुकान में फंस गया है। हादसे के बाद चालक और खलासी भागने की कोशिश में पकड़े गए। ग्रामीणों ने दोनों को भीमापार पुलिस चौकी पर तैनात पुलिस कर्मियों के हवाले कर दिया। चालक राजेश यादव ने स्वीकार किया कि झपकी आने की वजह से ट्रक अनियंत्रित हो गया था। भीमापार चौकी प्रभारी रविन्द्र कुमार ने बताया कि मामले में विधिक कार्रवाई की जा रही है।
Views: 61








