स्वतंत्रता दिवस पर शान से फहरा तिरंगा
प्रभात फेरी व तिरंगा रैली में हर्षोल्लास से निभाई भागीदारी
शैक्षणिक संस्थाओं में रही सांस्कृतिक कार्यक्रमों की गूंज
गाजीपुर। स्वतंत्रता दिवस समारोह पूरे जनपद में श्रद्धा और विश्वास के साथ परम्परागत ढंग से मनाया गया। हर घर तिरंगा अभियान के तहत हर घरों पर राष्ट्रीय ध्वज फहराया गया। स्वतंत्रता दिवस के पावन अवसर पर राजकीय कार्यालयों, सरकारी, अर्धसरकारी व सहकारी संस्थानों, शिक्षण संस्थानों सहित विभिन्न कार्यालयों में संस्था प्रमुखों ने ध्वजारोहण कर वीर सपूतों के बलिदान को याद कर उनके आदर्शों से प्रेरणा लेकर राष्ट्रीय हित में कार्य करने का आह्वान किया। इस अवसर पर विभिन्न शैक्षणिक संस्थाओं में ज्ञानवर्धक रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रम भी आयोजित किये गये। पुलिस अधीक्षक डा. ईरज राजा के निर्देशन में रिजर्व पुलिस लाइन से भव्य तिरंगा यात्रा निकाली गई। जनपद के पुलिसकर्मियों एवं प्रशासनिक अधिकारी/कर्मचारीगण समेत रिक्रूट आरक्षियों ने भागीदारी निभाई। नागरिकों में देशभक्ति की भावना को जागृत करने एवं राष्ट्रीय ध्वज तिरंगे के प्रति सम्मान जाग्रत करने के उद्देश्य से पुलिस लाइन गाजीपुर से भव्य तिरंगा यात्रा रिजर्व पुलिस से निकलकर पी0जी कॉलेज चौराहा, विकास भवन होते हुए सिंचाई विभाग चौराहे तक निकाली गयी। इस यात्रा में भारी संख्या में पुलिसकर्मियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया, पुलिसकर्मियों ने हाथों में तिरंगा लेकर फ्लैग मार्च किया, जिसके दौरान देशभक्ति गीतों की मधुर स्वर लहरियों ने माहौल को देशप्रेम से सराबोर कर दिया। इस यात्रा का उद्देश्य प्रत्येक नागरिक के मन में देशभक्ति की भावना को प्रबल करना और राष्ट्रध्वज के प्रति सम्मान को बढ़ावा देना है। अपर पुलिस अधीक्षक नगर ने कहा कि तिरंगा हमारी एकता और अखंडता का प्रतीक है। इस अभियान के माध्यम से हम न केवल स्वतंत्रता दिवस के उत्सव को और भव्य बनाना चाहते हैं, बल्कि प्रत्येक नागरिक को राष्ट्रप्रेम की भावना से जोड़ना चाहते हैं ।

इस अवसर पर क्षेत्राधिकारी नगर, आरटीसी प्रभारी पुलिस लाइऩ, प्रभारी निरीक्षक कोतवाली मय फोर्स, यातायात प्रभारी मय फोर्स व अन्य पुलिस अधिकारी/कर्मचारीगण उपस्थित रहे।
उल्लेखनीय है कि इससे पूर्व ‘‘आजादी का अमृत महोत्सव‘‘ के अन्तर्गत ‘हर घर तिरंगा‘ कार्यक्रम में विभिन्न क्षेत्रों में तिरंगा यात्रा व रैली निकालकर आमजन में देश प्रेम एवं देशभक्ति की भावना जागृत की गयी। वहीं देश को आजादी दिलाने वाले अमर बलिदानियों, क्रान्तिकारियों एंव शहीदों को याद कर श्रद्धासुमन अर्पित किया गया।
पी.जी. कालेज मलिकपूरा में प्राचार्य प्रो. दिवाकर सिंह द्वारा ध्वजारोहण कर अमर शहीदों को नमन किया गया। ध्वजारोहण समारोह के उपरांत महाविद्यालय परिसर से महाविद्यालय के ए.एन.ओ. कैप्टन प्रो. चन्द्र भान सिंह के नेतृत्व में एन.सी.सी. कैडेट्स द्वारा तिरंगा यात्रा निकाली गई। कार्यक्रम का अगला चरण महाविद्यालय के सभागार में सांस्कृतिक प्रस्तुतियों का रहा। विद्यार्थियों ने देशभक्ति गीत, कविता पाठ एवं भाषण प्रस्तुत कर स्वतंत्रता सेनानियों के संघर्ष, बलिदान और देशप्रेम की अमर गाथा से लोगों को भाव-विभोर कर दिया। डॉ. सर्वेश पाण्डेय और अनुज कुमार सिंह के संयुक्त संचालन में डॉ. शिव प्रताप यादव, डीन स्टूडेंट्स वेलफेयर, के सौजन्य से स्वतंत्रता दिवस कार्यक्रम में शासन द्वारा निर्दिष्ट विविध प्रतियोगिताओं यथा तिरंगा पोस्टर प्रदर्शनी, देशभक्ति भाषण प्रतियोगिता, गीत, रंगोली व स्लोगन लेखन आदि के विजेता छात्रों को प्राचार्य द्वारा पुरस्कृत कर उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की गयी।
अपने उद्बोधन में प्राचार्य ने कहा कि स्वतंत्रता दिवस केवल एक पर्व नहीं, बल्कि यह हमारे पूर्वजों के बलिदान, संघर्ष और त्याग की स्मृति का दिन है। हमें न केवल इस आज़ादी को बनाए रखना है, बल्कि इसे और सशक्त बनाना है। शिक्षा, अनुशासन और नैतिक मूल्यों के माध्यम से ही हम राष्ट्र को नई ऊँचाइयों तक पहुँचा सकते हैं।
इसके साथ ही मनिहारी क्षेत्र के यूसुफपुर के सेक्रेड हर्ट इंटरनेशनल स्कूल के प्रांगण में विंदेश्वरी दूबे इण्टर कालेज, माता राजमती बालिका हायर सेकेण्ड्री स्कूल तथा विमला रमाशंकर महाविद्यालय, शाहपुर के संयुक्त तत्वावधान में झण्डारोहण कर भव्य सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत किया गया। वहीं सूदूर क्षेत्र से विद्यालय आने वाली छात्राओं को विद्यालय प्रबंधन समिति द्वारा उपलब्ध कराई गई सायकिलों का वितरण कार्यक्रम के मुख्य अतिथि डा.ए.के.राय राष्ट्रीय सलाहकार जर्नलिस्ट काउन्सिल ऑफ इंडिया द्वारा किया गया। साइकिल पाकर छात्राओं के चेहरे चमक उठे। अपनी खुशी का इजहार करते हुए छात्राओं ने विद्यालय परिवार के प्रति हार्दिक आभार व्यक्त किया। लाभार्थी छात्राओं ने कहा कि विद्यालय प्रबंधन के इस पहल से अब उन्हें विद्यालय आने जाने में हो रही परेशानी से मुक्ति मिलेगी। इस मौके पर उपस्थित लाभार्थी छात्राओं के परिजनों ने भी प्रसन्नता जाहिर करते हुए विद्यालय के प्रति आभार जताया ।
अतिथियों ने अपने उद्बोधन में देश के स्वतंत्रता आन्दोलन के अमर सेनानियों के बलिदानों का वर्णन करते हुए उनके पदचिन्हों पर चलकर राष्ट्रनिर्माण में भागीदारी निभाने का आह्वान किया। उन्होंने देश की सुरक्षा व संरक्षा तथा मजबूत राष्ट्र के लिए युवाओं का आह्वान करते हुए एक जागरूक नागरिक बनने की प्रेरणा दी। अपने सारगर्भित उद्बोधन में प्रबन्धक डा. पंकज दूबे ने युवकों व शिक्षार्थियों को से स्वतंत्रता की परिधि बताते हुए स्वच्छंदता से बचने की सलाह दी। इस अवसर पर बिमला रमाशंकर महाविद्यालय के डा. कुंज बिहारी वर्मा, माता राजमती बालिका हायर सेकेण्ड्री स्कूल की प्रधानाचार्या श्रीमती उषा दूबे, सेक्रेट हर्ट इंटरनेशनल स्कूल के प्रिंसिपल, सुनील दूबे, विपिन दूबे, सहित काफ़ी संख्या में गणमान्य जन गणमान्य जन उपस्थित रहे।
इसी क्रम में कृष्ण सुदामा ग्रुप ऑफ इंस्टीच्यूशन मरदापुर सादात में वाइस चेयरमैन डॉ. धर्मेन्द्र यादव ने ध्वजारोहण किया। छात्र छात्राओं ने प्रभातफेरी निकालकर लोगों को जागरूक किया। इसके साथ ही छात्र छात्राओं ने मनमोहक सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत किया। वक्ताओं ने अमर सपूतों के बलिदान का जिक्र किया और विद्यार्थियों को अनुशासन का पाठ पढ़ाया। इस अवसर पर प्राचार्य डॉ श्रीकांत यादव, डॉ अकरम, हरिशंकर मिश्रा, डॉ शिवकुमार यादव, सियाजीत, सुधीर यादव, अजीत कुमार, सुशीला यादव, श्वेता पाण्डेय, दीपा यादव, लक्ष्मी पाल, अशोक यादव, पवन यादव आदि उपस्थित रहे।
Views: 62









