लटके हाईटेंशन तार की चपेट में आकर अधेड़ ने तोड़ा दम
शिकायत के बावजूद जेई ने नहीं कराया लटके हाईटेंशन तार की मरम्मत
गाजीपुर। विद्युत खम्भे पर जर्जर होकर नीचे लटक रहे हाईटेंशन तार की चपेट में आकर एक अधेड़ व्यक्ति की दुखद मौत हो गई। यह घटना शादियाबाद थाना क्षेत्र के दौलत नगर गांव में खेत में बकरी चरा रहे एक अधेड़ व्यक्ति के साथ हुई। घटना से आक्रोशित ग्रामीणों ने बिजली विभाग और जेई पर लापरवाही का आरोप लगाते हुए शव को सादात उपकेंद्र के सामने सड़क पर रखकर चक्काजाम कर दिया। उन्होंने उपकेन्द्र में तोड़फोड़ कर वहां तैनात एसएसओ और उनके दो सहायकों को मार पीट कर घायल कर दिया, जिन्हें एंबुलेंस से अस्पताल पहुंचाया गया।
बताया गया कि दौलत नगर निवासी रामसूरत पाल (50 वर्ष) बुधवार की दोपहर करीब ग्यारह बजे खेत में बकरी चरा रहे थे। उसी दौरान वह वहां से गुजर रहे जर्जर होकर नीचे लटक रहे हाईटेंशन बिजली के तार से चिपक गये। विद्युत प्रवाह के कारण वहीं झुरसकर उनकी मौत हो गई। घटना के बाद वहां की स्थिति देखकर लोगों ने उनके परिजनों को सूचना दी। घटना की सूचना पाकर परिजन भागते हुए मौके पर पहुंचे। वहीं लोगों ने विद्युत उपकेंद्र सादात को सूचना देकर बिजली आपूर्ति बन्द करायी। इसके बाद रामसूरत पाल को आनन-फानन में अस्पताल ले जाया गया जहां चिकित्सक ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। उनकी मृत्यु की सूचना पर परिवार में हाहाकार मच गया और लोगों का गुस्सा बिजली विभाग पर फूट पड़ा। आक्रोशित परिजनों और सैकड़ों ग्रामीण शव को लेकर सादात विद्युत उपकेंद्र पहुंचे और विरोध प्रदर्शन करते हुए शव को वहां सामने सड़क पर रखकर रखकर चक्का जाम कर दिया। आक्रोशित भीड़ विद्युत उपकेन्द्र का बंद फाटक लांघकर अंदर घुस गई और वहां मौजूद एसएसओ संदीप कुमार सहित सहायक एसएसओ राकेश यादव तथा फिरोज खान को मारकर घायल कर दिया इसके साथ ही वहां परिसर में मौजूद तीन बाईकों के साथ उपकेन्द्र पर तोड़ फोड की।
घटना तथा चक्काजाम की सूचना पर शादियाबाद थानाध्यक्ष श्यामजी यादव तथा सादात थानाध्यक्ष वागीश विक्रम सिंह पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने स्थिति को नियंत्रित करने व शव को कब्जे में लेने का प्रयास किया लेकिन परिजन कुछ सुनने को राजी नहीं हुए। उनका आरोप था कि लटक रहे जर्जर तार की ठीक कराने के लिए जेई मनोज पटेल से कई बार शिकायत की गई थी लेकिन जेई ने जर्जर तार की मरम्मत नहीं कराई। उनकी जानबूझकर कर की गई इस लापरवाही से राम सूरत की मौत हुई है। वहीं चक्काजाम की सूचना पाकर उपजिलाधिकारी जखनियां रविश कुमार गुप्ता और क्षेत्राधिकारी भुड़कुड़ा सुधाकर पांडेय मौके पर पहुंचे और मुकदमा दर्ज कर उचित कारवाई का आश्वासन और मृतक के परिजन को सरकारी मुआवजा दिलाने का आश्वासन देकर भीड़ को शान्त कराया। थानाध्यक्ष शादियाबाद ने बताया कि शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। तहरीर मिलने पर केस दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जायेगी। इस घटना से दोपहर साढ़े 11 बजे से शाम पांच बजे तक बिजली गायब रहने से उपभोक्ताओं को परेशानियां उठानी पड़ी।
उधर उपकेन्द्र पर तोड़फोड करने तथा विद्युत कर्मचारियों के घायल होने की सूचना पर ट्रांसमिशन के अधिशासी अभियंता राहुल शर्मा, सैदपुर के अधिशासी अभियंता बृजेश कुमार, विद्युत मजदूर पंचायत ट्रांसमिशन के जिलाध्यक्ष सुनील कुशवाहा सादात उपकेन्द्र पर पहुंचकर घटनाक्रम की जानकारी ली। अधिशासी अभियंता राहुल शर्मा ने बताया कि घायल कर्मचारियों की चिकित्सा कराते हुए अग्रिम कार्रवाई की जाएगी।
बाद में मिली जानकारी के अनुसार, इस मामले में मृतक के भाई रामबिलास पाल ने विभाग के जूनियर इंजीनियर मनोज कुमार पटेल के विरुद्ध मामला दर्ज कराया है तो वहीं भीड़ की मार से घायल कर्मचारी ने भी थाने में तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की है। मामले को संज्ञान में लेते हुए अधीक्षण अभियंता विवेक खन्ना ने सादात उपकेन्द्र के जूनियर इंजीनियर मनोज कुमार पटेल को जहां निलंबित कर दिया, वहीं लाइनमैन राजेंद्र कुमार को बर्खास्त कर दिया।
Views: 53









