हादसा – अनियंत्रित कार ने ली चार लोगों की जान
मऊ के वनदेवी स्थल से पूजन कर लौट रहे परिवार पर टूटा कहर
गाजीपुर। जंगीपुर थाना क्षेत्र में रविवार दोपहर हुई सड़क दुघर्टना में जहां चार लोग मृत्यु के मुंह में समा गये। यह दुर्घटना बेलवा रसूलपुर कॉटन मिल तिराहा के पास हुई। बताया गया कि तेज रफ्तार अनियंत्रित कार ने बाइक और पैदल यात्रियों को टक्कर मार दी। इस दुर्घटना में सपा नेता की मां चंद्रज्योति पाल (70वर्ष)पत्नी हनुमान पाल, निवासी नसीरपुर, कोतवाली सदर गाजीपुर, संजीत पाल (32वर्ष) पुत्र परमानंद पाल, निवासी करछहीं बरुआ, बलिया व अस्मिता पाल (3वर्ष)निवासी करछहीं बरुआ, बलिया ने मौके पर ही दम तोड दिया। वहीं बुरी तरह घायल कुंती पाल (35वर्ष) की वाराणसी में इलाज के दौरान मौत हो गई।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, बलिया जिले के करछहीं गांव निवासी संजीत पाल अपनी मौसी चंद्रज्योति पाल, मौसेरी बहन कुंती पाल और भतीजी अस्मिता के साथ मऊ जनपद के वनदेवी स्थान पर पूजा के लिए गए थे। पूजा पाठ कर हंसी खुशी वे नसीरपुर फोरलेन चौराहे के पास पहुंचे। वहां चंद्रज्योति और कुंती पैदल सड़क पार कर रही थीं, जबकि संजीत बाइक से अस्मिता को लेकर आ रहे थे। इस दौरान वाराणसी की तरफ से आ रही तेज रफ्तार अनियंत्रित कार ने तीनों को टक्कर मार दी। दुर्घटना के बाद अनियंत्रित कार कुछ दूर जाकर एक ट्रक से टकराकर रुक गयी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि संजीत, चंद्रज्योति और अस्मिता ने मौके पर ही दम तोड दिया, जबकि कुंती गंभीर रूप से घायल हो गईं। उन्हें तत्काल जिला अस्पताल पहुंचाया गया, जहां से उन्हें वाराणसी ट्रामा सेंटर रेफर किया गया, जहां इलाज के दौरान उनकी भी मौत हो गई।
दुर्घटना के बाद स्थानीय लोगों ने कार चालक को पकड़ लिया और उसे पुलिस के हवाले कर दिया। जंगीपुर पुलिस ने चारों शवों को अपने कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। जंगीपुर थानाध्यक्ष विवेक कुमार तिवारी ने बताया कि मृतका चंद्रज्योति पाल के पुत्र जितेंद्र पाल की तहरीर पर मामला दर्ज कर विधिक कार्रवाई की गयी है।
Views: 409









