निःशुल्क कम्प्यूटर प्रशिक्षण केन्द्र प्रारंभ होने से युवाओं में हर्ष
गाजीपुर। पिछड़ा वर्ग के बेरोजगार युवक/ युवतियों के लिए निःशुल्क कम्प्यूटर प्रशिक्षण के लिए प्रदेश सरकार द्वारा हंसराजपुर के कम्प्यूटर प्रशिक्षण केन्द्र हाईटेक कालेज आफ मैनेजमेंट एंड ई टेक्नोलॉजी को प्रशिक्षण प्रदान करने हेतु मान्यता प्रदान की गयी है। ग्रामीण क्षेत्र में सरकारी निशुल्क प्रशिक्षण केंद्र आरंभ होने से क्षेत्रीय युवाओं व युवतियों में जबरदस्त उत्साह है। उनका कहना है कि अब प्रशिक्षण के लिए उन्हें दूर दराज के क्षेत्र में नहीं आना होगा इससे समय और धन दोनों की बचत होगी।
बताते चलें कि इससे पूर्व भी शासन द्वारा संचालित कौशल विकास मिशन के अन्तर्गत भी इस संस्थान को निःशुल्क कम्प्यूटर प्रशिक्षण केन्द्र की मान्यता दी गयी थी और सैकड़ों प्रशिक्षणार्थियों ने यहां पर निःशुल्क कम्प्यूटर प्रशिक्षण प्राप्त किया।
संस्थान के निदेशक प्रकाश गुप्ता ने बताया कि पिछड़ा वर्ग के बेरोजगार युवक/ युवतियों के लिए निःशुल्क कम्प्यूटर ‘‘ओ‘‘ लेवल एवं सी०सी०सी० कम्प्यूटर प्रशिक्षण योजना जनपद में लागू की गयी है। इसमें पिछड़ा वर्ग के इण्टरमीडिएट उत्तीर्ण एवं वार्षिक आय एक लाख रुपए से कम वाले इस जिले के मूल निवासी लोग जिनकी आयु 35 वर्ष से अधिक न हो, वे आवेदन कर सकते हैं। इसके साथ ही वे बेरोजगार हों तथा किसी शिक्षण संस्था से छात्रवृत्ति न ले रहे हों।
प्रशिक्षणार्थियों का चयन कक्षा-12 के प्राप्त प्राप्तांक के आधार पर चयन समिति द्वारा किया जायेगा। ऑनलाइन आवेदन पत्र भरने की अंतिम तिथि 14 जुलाई, 2025 निर्धारित है। इच्छुक पिछड़ा वर्ग अभ्यर्थियों द्वारा आवेदन पत्र आनलाईन वेबसाईट पर (www.obccomputertraining.upsdc.gov.in) अथवा backwardwelfareup.in पर दिनांक 14 जुलाई, 2025 तक भर सकते हैं। ऑनलाईन आवेदन के उपरान्त आवेदन की प्रति की प्रिण्ट आउट प्राप्त कर समस्त अभिलेखों/विवरणों (आय एवं जाति प्रमाण पत्र (जो बोर्ड ऑफ रेवेन्यू की वेबसाईट पर उपलब्ध हो), हाईस्कूल एवं इण्टरमीडिएट का अंकपत्र व प्रमाण पत्र तथा आधार कार्ड की छायाप्रति स्वप्रमाणित करते हुए, उसकी समस्त हार्डकॉपी दो प्रतियों में कार्यालय, जिला पिछड़ा वर्ग कल्याण अधिकारी, गाजीपुर में विलम्बतम् दिनांक 14 जुलाई, 2025 की सायं पांच बजे तक जमा करना होगा। अधिक जानकारी के लिए कार्यालय-जिला पिछड़ा वर्ग कल्याण अधिकारी, गाजीपुर में सम्पर्क किया जा सकता है।
Views: 76








