राजकीय महिला स्नातकोत्तर महाविद्याल में प्रवेश हेतु आवेदन 5 जुलाई तक 

गाज़ीपुर। राजकीय महिला स्नातकोत्तर महाविद्यालय, गाज़ीपुर में स्नातक प्रथम वर्ष- बीए /बीएससी(बायो ) प्रथम सेमेस्टर तथा एमए एवं एमएससी कक्षाओं में प्रवेश हेतु ऑनलाइन आवेदन जारी है। 


      महाविद्यालय की प्राचार्य प्रोफेसर अनिता कुमारी के अनुसार, ऑनलाइन आवेदन करने की अंतिम तिथि 15 जून से बढ़ाकर 5 जुलाई 2025 कर दिया गया है। महाविद्यालय में प्रवेश मेरिट के आधार पर किया जायेगा तथा विषय आवंटन राष्ट्रीय शिक्षा नीति- 2020 के तहत पूर्वांचल विश्वविद्यालय, जौनपुर के निर्देशानुसार प्रवेश काउंसलिंग के समय किया जाएगा।

        वीर बहादुर सिंह पूर्वांचल विश्वविद्यालय जौनपुर के कुलसचिव विनोद कुमार सिंह के निर्देशानुसार प्रवेश हेतु आवेदन करने वाली सभी शिक्षार्थियों को समर्थ पोर्टल पर पंजीकरण कराना अनिवार्य है। उन्होंने कहा कि महाविद्यालय में प्रवेश की इच्छुक सभी छात्राएं समर्थ पोर्टल पर अपना पंजीकरण करा लें तथा समर्थ पंजीकरण क्रमांक को प्रवेश काउंसलिंग के समय अनिवार्य रूप से प्रस्तुत करें अन्यथा उनका प्रवेश सम्भव  नहीं होगा।

      राजकीय महिला महाविद्यालय के चार संकायों – विज्ञान, मानविकी, भाषा एवं ललित कला- के अंतर्गत कुल 22 विषयों में स्नातक एवं सात विषयों –  गृह विज्ञान,अर्थशास्त्र, राजनीति विज्ञान, हिंदी, अंग्रेजी, शिक्षाशास्त्र, प्राचीन इतिहास में एम ए अध्ययन की सुविधा उपलब्ध है। विज्ञान संकाय के अंतर्गत एमएससी बॉटनी में 20 सीटों पर अध्ययन की सुविधा उपलब्ध है जबकि बी ए के अंतर्गत कुल 827 सीटें एवं बीएससी के अंतर्गत 130 सीटें प्रवेश हेतु उपलब्ध हैं।

     महाविद्यालय के प्रवेश प्रभारी डॉ शिव कुमार के अनुसार स्नातक प्रवेश हेतु काउंसलिंग 8 जुलाई से प्रस्तावित है। छात्राएं अपनी मेरिट सूची के अनुसार निर्धारित काउंसलिंग तिथि को अपने ऑनलाइन प्रवेश आवेदन की मूल प्रति तथा हाई स्कूल- इंटरमीडिएट के अंक पत्र; जाति प्रमाण पत्र, भारांक प्रमाण पत्र, चरित्र प्रमाण पत्र, स्थानांतरण प्रमाण पत्र, समर्थ पंजीकरण के साथ काउंसलिंग हेतु उपस्थित रहें। इसके लिए छात्राएं एवं अभिभावक महाविद्यालय की वेबसाइट का नियमित रूप से अवलोकन करते रहें।

Views: 47

Advertisements

Leave a Reply