राष्ट्रीय राजमार्ग 124डी पर नाला निर्माण हेतु चक्का जाम
अधिकारियों ने जल्द निर्माण का दिया भरोसा
गाजीपुर। दुल्लहपुर क्षेत्र के देवा ग्राम पंचायत में नवनिर्मित राष्ट्रीय राजमार्ग 124डी पर नाला निर्मित कराने की मांग को लेकर ग्रामीणों ने चक्का जाम कर दिया।
उल्लेखनीय है कि किसान सभा के प्रणेता स्वामी सहजानंद सरस्वती की जन्मस्थली के रूप में परिभाषित और लगभग छह हजार आबादी वाले देवा ग्राम क्षेत्र को यह हाईवे पूर्व और पश्चिम क्षेत्र में विभाजित कर रहा है।
बताया गया कि राष्ट्रीय राजमार्ग 124डी के निर्माण के पूर्व गांव के हजारों की आबादी के घरों का पानी और बरसात का पानी नाले से होकर नवनिर्मित हाईवे के पश्चिमी तरफ स्थित पोखर में एकत्रित होता था। अब हाईवे निर्माण के बाद वह नाला तो पूरी तरह बंद हो गया है। इससे घरों से निकला गंदा पानी व बरसात का पानी इधर उधर जमा होकर सीड़न व गंदगी की समस्या पैदा कर रहा है। इस समस्या से निजात दिलाने हेतु ग्रामीणों ने कई बार उपजिलाधिकारी जखनियां और नेशनल हाइवे के अधिकारियों को लिखित सूचना दी, लेकिन न तो नाले का निर्माण हुआ और न ही पानी निकासी के लिए पुलिया ही निर्मित कराई गई।
नेशनल हाईवे के प्रोजेक्ट मैनेजर कृष्ण द्विवेदी द्वारा नाला निर्माण के आश्वासन पर ग्रामीणों ने जाम समाप्त किया। समाजसेवी चंदन पांडेय ने कहा कि यदि पानी निकासी की समुचित व्यवस्था नहीं की गई तो फिर चक्का जाम होगा जो समाधान निकलने तक जारी रहेगा। प्रोजेक्ट मैनेजर द्विवेदी ने बताया कि पीडब्ल्यूडी विभाग के अधिकार क्षेत्र का कार्य टारगेट मिलने पर ही किया जा सकता है। उप जिलाधिकारी जखनियां रवीश गुप्ता ने कहा कि मौके का निरीक्षण कर लेखपाल से जांच कर रिपोर्ट भेजने हेतु निर्देशित किया। उन्होंने कहा कि जनहित में इसका समाधान निकाला जायेगा।
Views: 98









