हत्या के चार दिन बाद भी पुलिस के हाथ खाली 

गाजीपुर। रात में घर के बाहर सो रहे किसान प्रेम प्रकाश राय (60 वर्ष) पुत्र स्व. बनारसी राय निवासी बुढ़नपुर थाना सादात की गोली मारकर की गयी हत्या के चार दिन बाद भी पुलिस के हाथ खाली हैं। प्रेम प्रकाश रोज की भांति पन्द्रह मई की रात घर से खाना खाकर बाहर सोने गये थे, जहां उनकी गोली मारकर हत्या की गयी थी। उस समय मृतक के तीनों पुत्र चंदन, चंचल और आशु मुंबई में थे और सूचना पाकर घर के लिए चल दिये। घटना के बाद सोलह मई को अपर पुलिस अधीक्षक ज्ञानेंद्र प्रसाद सहित क्षेत्राधिकारी सैदपुर व फोरेंसिक टीम ने घटनास्थल का बारीकी से निरीक्षण किया और सादात थाना पुलिस को आवश्यक दिशा-निर्देश भी दिया। विधिक कार्यवाही करते हुए सादात पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम कराकर शव मृतक के परिजनों को सौंप दिया था और उसी दिन देर शाम शव का दाह संस्कार कर दिया गया।


दूसरे दिन भी पुलिस व एसटीएफ का जमावड़ा रहा और वे हर कोण से घटना से सम्बन्धित तथ्य जुटाने में लगे रहे। हत्या कांड का खुलासा करने के लिए संदिग्धों पर पुलिस की दबिश और अन्य कार्रवाई जारी है लेकिन चार दिन बाद भी पुलिस  के हाथ कोई अहम सुराग नहीं लगा है। मृतक की पत्नी प्रतिमा राय ने अपने पड़ोसी शैलेन्द्र उर्फ पीयूष राय पर शंका जताया था जिसके आधार पर पुलिस उसे पकड़ कर पूछताछ में लगी हुई है। घटना के खुलासे हेतु पुलिस कई स्थानों पर दबिश भी दी लेकिन समाचार लिखे जाने तक कोई विशेष सफलता नहीं मिली है। थानाध्यक्ष सादात बागीश विक्रम सिंह का कहना है कि घटना की तफ्तीश जारी है। जल्द ही हत्या का खुलासा किया जायेगा।

Views: 137

Advertisements

Leave a Reply