ईसीआईएल ने मेडिकल कॉलेज को सौंपे पांच नए डायलिसिस बेड

गाजीपुर। महर्षि विश्वामित्र स्वशासी राजकीय मेडिकल कॉलेज से  सम्बद्ध ज़िला अस्पताल में मंगलवार को पांच नए डायलिसिस बेड की सुविधा आरम्भ हो गयी। इलेक्ट्रॉनिक्स कारपोरेशन आफ इंडिया लिमिटेड (ईसीआईएल) हैदराबाद द्वारा कार्पोरेट सोशल रिस्पांसिबिलिटी के तहत यह सुविधा उपलब्ध कराई गई है। इस अवसर पर इलेक्ट्रॉनिक्स कारपोरेशन आफ इंडिया लिमिटेड के चेयरमैन व प्रबंध निदेशक अनुराग कुमार के मुख्य आतिथ्य में गोराबाजर स्थित 200 शय्या युक्त राजकीय चिकित्सालय में उद्घाटन समारोह का आयोजन किया गया।


           बताया गया कि इससे पूर्व मेडिकल कॉलेज में दस डायलिसिस बेड थे, जो गाजीपुर की बड़ी जनसंख्या के लिए अपर्याप्त थे। इसके कारण मरीजों को लंबा इंतजार करना पड़ता था, और प्रतिक्षा सूची 130 से 140 तक पहुँच जाती थी।  अब, पांच नए डायलिसिस बेड और मिलने से मरीजों को शीघ्र और सुलभ उपचार मिलेगा। उद्घाटन समारोह में इलेक्ट्रॉनिक्स कारपोरेशन आफ इंडिया हैदराबाद के निदेशक सुधांशु कुमार, मुख्य चिकित्सा अधिकारी डा पी वेनु बाबू के साथ ही साथ अतिथि के रूप में जिले के वरिष्ठ भाजपा नेता कृष्ण बिहारी राय, सुनील सिंह, प्रवीण सिंह, दयाशंकर पांडेय  और शशिकांत शर्मा तथा उप प्रधानाचार्य डॉ. नीरज पांडेय भी मौजूद रहे। उपस्थित अतिथियों ने कारपोरेशन के इस महत्वपूर्ण योगदान की सराहना करते हुए इसे गाजीपुर की जनता के लिए एक बड़ी राहत बताया।

      गाजीपुर मेडिकल कॉलेज के प्रधानाचार्य प्रो आनन्द मिश्रा  ने इस अवसर पर कार्पोरेशन का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि यह योगदान न केवल अस्पताल की क्षमता को बढ़ाएगा, बल्कि मरीजों के उपचार में समय की बचत कर उनकी स्वास्थ्य स्थिति में सुधार करेगा। उन्होंने यह भी कहा कि कॉलेज प्रशासन अपनी पूरी कोशिश करेगा कि यह नई सुविधा उच्चतम मानकों पर दी जाए, ताकि अधिक से अधिक मरीजों को लाभ मिल सके। हमारी प्राथमिकता गाजीपुर की जनता को बेहतर स्वास्थ्य सेवाएं प्रदान करना है, और यह नई सुविधा उस दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है।

Views: 13


Leave a Reply