विद्यार्थियों की छिपी प्रतिभा को उजागर करती हैं प्रतियोगिताएं
गाजीपुर । साहित्य चेतना समाज की बैठक गंगा विशुन यादव की अध्यक्षता में जंगीपुर केन्द्र प्रभारी विद्युत प्रकाश के आवास पर सम्पन्न हुई।संस्था के संस्थापक अमरनाथ तिवारी अमर ने संस्था के उद्देश्य एवं गतिविधियों पर प्रकाश डालते हुए कहा कि संस्था का प्रमुख उद्देश्य विद्यार्थियों एवं युवाओं में छिपी प्रतिभा को उजागर कर उन्हें मंच प्रदान कर सम्मानित करना है। इस दिशा में संस्था बिना किसी शासकीय वित्तीय सहायता के वर्षपर्यंत सक्रिय रहकर विभिन्न कार्यक्रम आयोजित करती है। चयनित प्रतिभागियों को संस्था अपने वार्षिक समारोह में पुरस्कृत-सम्मानित करती है।
प्रतियोगिता प्रभारी प्रभाकर त्रिपाठी ने बताया कि गाजीपुर नगर,जंगीपुर और रेवतीपुर केन्द्रों पर सामान्य ज्ञान, निबन्ध, गणित, चित्रकला, विचार-अभिव्यक्ति,सुलेख,श्रुतलेख आदि प्रतियोगिताएं आयोजित की जा रहीं हैं। चार वर्गों में आयोजित इन प्रतियोगिताओं में कक्षा चार से बारह तक की कक्षाओं में अध्ययनरत विद्यार्थी प्रतिभाग कर सकते हैं। इन प्रतियोगिताओं को पूर्व की भांति पूरी शुचिता एवं पारदर्शिता के साथ सम्पन्न कराया जायेगा । इन प्रतियोगिताओं के आयोजन की जानकारी देने हेतु विभिन्न विद्यालयों में सम्पर्क की योजना बनाई गई।
अंकित गुप्ता के संचालन में सम्पन्न बैठक में आलोक कुमार सिंह, राजेश वर्मा, सुनील कुमार गुप्ता, मनीष कुमार गुप्ता, प्रभाकर त्रिपाठी, अंकित गुप्ता, विद्युत प्रकाश, अवधेश कुमार, अभिनय कुमार सिंह आदि उपस्थित रहे।
Views: 7







