वन कैडेट वन प्लांट के तहत प्राचार्य ने किया पौधारोपण अभियान का शुभारम्भ
गाजीपुर। स्नातकोत्तर महाविद्यालय, गाजीपुर में एनसीसी कैडेट्स ने गुरुवार को वन कैडेट वन प्लांट वृक्षारोपण अभियान के तहत परिसर में वृहद वृक्षारोपण कर लोगों को पर्यावरण संरक्षण की सीख दी।
इस अभियान का शुभारम्भ प्राचार्य प्रोफेसर राघवेन्द्र कुमार पाण्डेय ने आम का पौधा रोपित कर किया। इस अवसर पर उन्होंने छात्र – छात्राओं को वृक्षारोपण एवं वृक्ष संरक्षण की आवश्यकता पर बल दिया। डॉक्टर पाण्डेय ने कहा कि पर्यावरण संतुलन के लिए हर विद्यार्थी को न्यूनतम एक पौधा लगाने और उसके संरक्षण का संकल्प लेना चाहिए। शहरों में रहने वाले लोग गमले में भी पौधरोपण कर सकते हैं। वैश्विक पर्यावरण और असंतुलन को रोकने के लिए वृक्षारोपण से बेहतर कोई कारगर उपाय नहीं है। इसी मंशा से प्रदेश सरकार भी विभिन्न संस्थाओं के माध्यम से वृक्षारोपण अभियान संचालित कर रही है।
एनसीसी अधिकारी डॉ. रविशेखर सिंह ने बताया कि वन विभाग की ओर से उन्हें बच्चों को वितरित करने के लिए और महाविद्यालय परिसर में पौधारोपण के लिए पौध उपलब्ध कराए गए हैं। योजनाबद्ध तरीके से पौधों का रोपण कराया जा रहा है। वृहद वृक्षारोपण अभियान आने वाले दिनों में भी जारी रहेगा। लक्ष्य के सापेक्ष वृक्षारोपण महाविद्यालय की ओर से एनसीसी कैडेट के माध्यम से सुनिश्चित किया जाएगा।
Views: 13








