आधुनिक जीवन शैली के बीच स्वास्थ्य पर ध्यान रखना आवश्यक – डा. शिवम राय
गाजीपुर। मां शारदा राजनारायण महाविद्यालय पाली, कासिमाबाद में मित्रसेन प्रधान मेमोरियल सेवा ट्रस्ट के तत्वावधान में आयोजित स्वास्थ्य जागरूकता एवं चिकित्सा शिविर का आयोजन सम्पन्न हुआ।
चिकित्सा शिविर में अस्थिरोग विशेषज्ञ सर्जन डा. शिवम राय तथा स्त्री रोग विशेषज्ञ डा. सुरभि राय द्वारा शिविर में इलाज, परामर्श के साथ निःशुल्क दवाओं का भी वितरण किया गया।
शिविर समापन के अवसर पर डा. शिवम राय ने कहा कि आज के बदलते सामाजिक परिवेश में जीवन शैली और खानपान से लोगों के जीवन पर प्रतिकूल प्रभाव पड़ रहा है। स्त्री व पुरुषों में घुटना, कमर दर्द सहित अन्य हड्डी सम्बन्धित रोग बढ़ते जा रहे हैं।
इसी क्रम में स्त्री रोग विशेषज्ञ डा. सुरभि राय ने कहा कि महिलाओं के स्वास्थ्य पर परिवार के पुरुषों को भी ध्यान देने की आवश्यकता है। महिलाएं एक तो स्वयं अपने स्वास्थ्य के प्रति सचेत नहीं रहतीं, दूसरे उनके परिजन भी उनकी परेशानियों पर विशेष ध्यान नहीं देते। ऐसे में महिलाओं के हल्के रोग भी चिकित्सा के अभाव में गम्भीर स्थिति में पहुंच जाते हैं। उन्होंने कहा कि गर्भावस्था स्त्री के जीवन का सबसे संवेदनशील काल होता है। गर्भवती महिलाओं की देखभाल संवेदनशीलता के साथ करनी चाहिए। इस दौर में उचित चिकित्सकीय परामर्श और टीकाकरण की जरूरत होती है। तभी प्रसव सुरक्षित और पीड़ारहित हो सकेगा।
शिविर के आयोजन में प्रधानाचार्य शशिकांत राय मिंटू तथा ट्रस्ट के सचिव इंद्रासन राय, संजय राय सुमन,अनिल पांडेय, अनिरुद्ध राय, पन्ना लाल सेठ, अमित कुमार राय, भगवान वर्मा की सराहनीय भूमिका रही। शिविर को सफल बनाने में आयोजक, चिकित्सकों, पैरामेडिकल स्टाफ एवं मरीजों के प्रति आभार अविनाश प्रधान ने ज्ञापित किया।
Views: 13









