सिद्धपीठ में मनाई गई एडीजीपी उत्तर प्रदेश स्व. विनोद कुमार सिंह की पुण्य तिथि 

गाज़ीपुर। सिद्धपीठ हथियाराम मठ परिसर में रविवार को स्व. विनोद कुमार सिंह, पूर्व एडीजीपी उत्तर प्रदेश की प्रथम पुण्य तिथि ससमारोह मनाई गई। बताते चलें कि स्वर्गीय विनोद कुमार सिंह सुल्तानपुर जनपद के लम्हुआं क्षेत्र के निवासी थे। इलाहाबाद विश्वविद्यालय से उच्च शिक्षा प्राप्त करने के उपरान्त संघ लोक सेवा आयोग की परीक्षा पास कर पुलिस विभाग में प्रशासनिक अधिकारी बने। एक अच्छे प्रशासनिक अधिकार के साथ ही धर्मपरायण व्यक्ति रहे। वे सदैव व्यवस्था सुधारने पर चिन्तन करते थे। अपने कार्यकाल में प्रदेश की कानून व्यवस्था को बेहतर करने के लिए उन्होंने कार्य किया। पुण्यतिथि कार्यक्रम को जम्मू कश्मीर के उपराज्यपाल मनोज सिन्हा ने सम्बोधित करते हुए कहा कि मां वृद्धांबिका का यह पवित्र आंगन है।एक कर्मयोगी की पुण्यतिथि मनाने के लिए इससे अच्छी जगह कोई और नहीं हो सकती। इस कार्यक्रम को विशिष्ट अतिथि शैलेन्द्र सिंह ने भी सम्बोधित किया। ज्ञातव्य है कि शैलेन्द्र सिंह वही पुलिस अधिकारी रहे जिन्होंने कुख्यात अपराधी और माफिया सरगना मुख्तार अंसारी को लाइट मशीन गन के साथ पुलिस सेवा में रहते हुए गिरफ्तार किया था। उससे तत्कालीन सरकार विचलित हो उठी। इसके परिणाम स्वरुप भ्रष्ट राजनीतिक व्यव्स्था के आगे नतमस्तक होना न स्वीकार करते हुए शैलेन्द्र सिंह ने पद से त्यागपत्र दे दिया था। शैलेन्द्र सिंह ने अपने उद्बोधन में विस्तार से गो संस्कृति को अपनाने की बात कही। कार्यक्रम को प्रोफ़ेसर आनन्द सिंह, पत्रकार धीरेन्द्र श्रीवास्तव, अरूण सिंह, कथा वाचक मंगला सिंह भाजपा के युवा नेता तथा मंडल अध्यक्ष संदीप सिंह सोनू, संस्कृत महाविद्यालय वाराणसी की शिक्षिका डा अमिता दूबे एवम् भुड़कुड़ा महाविद्यालय में अंग्रेज़ी के विभागाध्यक्ष डॉ संतोष कुमार मिश्र ने भी सम्बोधित किया। मठ के अधिपति स्वामी भवानीनंदन यति जी ने आशीर्वचन देते हुए स्वर्गीय विनोद सिंह से जुड़े संस्मरण साझा किए। उन्होंने कहा कि मठ संबंधी किसी कार्यवश उनके कार्यालय में जाना हुआ। अपनी धर्मपरायणता का परिचय देते हुए उन्होंने तत्क्षण कार्य निस्तारित किया तथा कहा कि अगर भविष्य में अवश्यकता होगी तो मैं मठ में आकर कार्य निस्तारित कर दूंगा आपको यहां आना नहीं पड़ेगा। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि तथा जम्मू कश्मीर के उप राज्यपाल मनोज सिन्हा के गृह जनपद प्रेम को रेखांकित करते हुए अपने अध्यक्षीय उद्बोधन में महराज श्री ने कहा कि राजभवन में बैठकर भी मनोज जी को जनपद गाजीपुर सतत स्मरण रहता है। महामहिम उप राज्यपाल जी जैसी सक्रियता दिखाते हुए अगर गाजीपुर जनपद भी उनके साथ डोलने बोलने लगे तो जनपद का कायाकल्प हो जाय। कार्यक्रम में प्रमुख रूप से जिलापंचायत की अध्यक्षा श्रीमती सपना सिंह, भाजपा जिला अध्यक्ष भानू प्रताप सिंह, महामंत्री ओमप्रकाश राय, सुशील सिंह आदि प्रमुख रूप से उपस्थित थे। पीठ की आध्यात्मिकता की चर्चा तथा मां वृद्धांबिका का गुणानुवाद करते हुए कार्यक्रम का कुशल संचालन सादात ब्लाक प्रमुख संतोष कुमार सिंह यादव द्वारा किया गया। महाप्रसाद वितरण के साथ कार्यक्रम का समापन हुआ।

Visits: 103

Leave a Reply