राष्ट्रीयता की बयार में झूमा पूरा क्षेत्र

गाजीपुर। आजादी की 75 वें वर्षगांठ पर आजादी का अमृत महोत्सव के अंतर्गत शनिवार को भव्य तिरंगा यात्रा निकाली गई। तीन किलोमीटर की लंबी तिरंगा यात्रा में तीन हजार से अधिक छात्र छात्राओं ने भाग लिया, जिसका निर्देशन पं मदन मोहन मालवीय इण्टर कालेज सिखड़ी के प्रधानाचार्य पारसनाथ राय ने किया। तिरंगा यात्रा के दौरान सभी छात्र छात्राओं के हाथों में शान से लहराता राष्ट्रीय ध्वज तिरंगा, इलेक्ट्रानिक वाद्य यंत्रों पर बजती राष्ट्रीय गीत वंदे मातरम् तथा भारत माता की जय का उच्च उद्घोष सबके दिलों में देशभक्ति का संचार कर रहा था।
पुलिस प्रशासन ने भी तिरंगा यात्रा में शामिल होकर अपना सहयोग प्रदान किया। तिरंगा यात्रा को उप जिलाधिकारी जखनियां अनिरुद्ध प्रताप सिंह और जिला विद्यालय निरीक्षक अशोक नाथ तिवारी ने समवेत रुप से हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। यात्रा निकलने से पहले उप जिलाधिकारी जखनियां और जिला विद्यालय निरीक्षक अशोक नाथ तिवारी ने समवेत रुप से भारत माता चित्र के समक्ष दीप प्रज्जवलित कर पुष्पार्चन किया। ध्वज स्थापन कर अपने विचार व्यक्त करते हुए कहा कि आजादी का अमृत महोत्सव राष्ट्र के प्रति सम्मान का कार्यक्रम है। उन तमाम वीरों विरांगनाओं और देश भक्तों के स्मरण का प्रतीक है। आजाद भारत के गौरव शाली इतिहास के पन्नों में चिर स्मरणीय महान विभूतियों को याद करने का यह सशक्त माध्यम है। विद्यालय के प्रधानाचार्य पारसनाथ राय ने उपस्थित अधिकारी द्वय का माल्यार्पण तथा बैज लगाकर सम्मान किया। तदोपरांत विजयी विश्व तिरंगा प्यारा झंडा ऊंचा रहे हमारा और राष्ट्र गान का वाचन किया गया। कार्यक्रम का संचालन गौरीशंकर पाण्डेय ने किया। इस मौके पर वरिष्ठ पत्रकार सतीश जायसवाल, थानाध्यक्ष शैलश मिश्र, दर्जनों पुलिस के उपनिरीक्षक पुलिस के जवान तथा कालेज के सभी शिक्षक गण उपस्थित रहे।

Visits: 103

Leave a Reply