निमंत्रण से लौट रहे युवक की चाकू मारकर हत्या

बारात में डीजे पर गाने को लेकर बारातियों में हुई तकरार और फिर घरातियों से हुआ विवाद इतना बढ़ गया कि घराती पक्ष से निमंत्रण में गये एक युवक को अपनी जान से हाथ धोना पड़ा। यह दर्दनाक हादसा सदर कोतवाली क्षेत्र के बयेपुर देवकली गांव में हुआ।
बताया गया कि रविवार को बयेपुर देवकली (मठिया) निवासी साधू बिंद की पुत्री की बारात विद्यापारा गांव से आई थी। उसी दौरान रात बारात में डीजे के नाच गाने को लेकर बाराती पक्ष आपस.में ही भीड़ गये। घरातियों ने जब उन्हें समझाने का प्रयास किया तो वे घरातियों से मारपीट करने लगे। बाद में लोगों ने किसी तरह मामला शांत कराया।
इसके बाद देर रात जब बयेपुर देवकली निवासी युवक मदन गोपाल बिंद खाना खाने के बाद रात में पैदल ही अपने घर वापस आ रहा था। उसी दौरान आधा दर्जन से अधिक हमलावरों ने उसे रास्ते में घेर लिया और धारदार हथियार से उस पर कई वार कर उसे लहुलुहान कर दिया। गंभीर रूप से घायल तथा रक्तस्राव के चलते उसने मौके पर ही दम तोड़ दिया।
मदन गोपाल के साथ हुई घटना की जानकारी पर वहां लोगों की भीड़ जूट गयी। घटना की सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। मृतक के भाई तेजबहादुर बिंद द्वारा तीन नामजद और कई अज्ञात हमलावरों के खिलाफ मुकदमा पंजीकृत कराया गया है। पुलिस हत्यारों की सुरागरसी में लगी हुई है। कोतवाली प्रभारी निरीक्षक विमलेश मौर्या ने कहा कि शीघ्र ही हमलावरों को गिरफ्तार कर लिया जायेगा।


Views: 9

Advertisements

Leave a Reply