मामूली विवाद में चली गोली से युवक की हुई मौत

गाजीपुर। एक मनबढ़ युवक ने करंडा थाना क्षेत्र के ग्राम पहाड़पुर में गुरुवार की अपरांह एक 22 वर्षीय युवक को गोली मार दी। गोली लगने से उसकी मृत्यु हो गई। इसकी सूचना पुलिस को संध्या साढ़े छह बजे मिली।
     बताया गया कि क्षेत्र के पहाड़पुर निवासी  रविंदर यादव का पुत्र सुदीप यादव अपनी मां के साथ बाइक से बाजार गया था। वहां से वापस लौटते समय रास्ते में एक हरिजन द्वारा अपनी बकरी रस्सी से बांधी गई थी। बकरी की रस्सी बाइक में फंस गयी। इस पर सुदीप बकरी बांधने वाले व्यक्ति से उलझ गया और झगड़ा करने लगा। इस पर सुदीप की मां इन्द्रकला ने सुदीप को झगड़ा करने से मना किया।अपनी मां द्वारा झगड़ा करने से मना करने पर सुदीप अपनी ही मां को मारने लगा और अपनी मां के ऊपर कट्टा तान दिया। सुदीप की मां किसी तरह अपने को बचाकर भागी और अपने मायके में अपने भाई को फोन लगाकर जानकारी दी। वहां से सुदीप के मामा अपने पड़ोस के दो लड़कों साथ  आये, उसमें एक लड़का विवेक था। जैसे ही ये लोग पहाड़पुर पहुंचे और सुदीप को समझाना चाहा, सुदीप ने कट्टे से विवेक के उपर गोली चला दी। गोली लगने से विवेक जख्मी हो गया और सुदीप मौके से फरार हो गया।
    वहां उपस्थित घरवालों ने बिना पुलिस को सूचना दिए घायल को वाराणसी ले गए जहां उसकी मृत्यु हो गई। तत्पश्चात ग्राम प्रधान द्वारा पुलिस को घटना के बारे में बताया गया।
   घटना की सूचना पर पुलिस ने संबंधित धाराओं में अभियोग पंजीकृत कर आगे की काररवाई में जूट गयी और हत्यारोपी अभियुक्त की तलाश में लगी हुई है।
    घटना की सूचना पर पुलिस अधीक्षक राम बदन सिंह मौके पर पहुंचे और घटना की विस्तृत जानकारी ली और मातहदों को आवश्यक दिशा निर्देश दिया।

Visits: 175

Leave a Reply