नहाते समय गंगा में डुबने से छात्रा की मौत

गाजीपुर। बुधवार की सुबह गंगा में नहाने गयी किशोरी की डूबने से मौत हो गयी।
   यह घटना करण्डा थाना क्षेत्र के सोकनी घाट पर बुधवार की सुबह घटी। बताया गया कि चौदह वर्षीया छात्रा उजाला यादव पुत्री ओमप्रकाश यादव अपनी दादी की मृत्यु के दशवें पर घाट नहाने सोकनी गंगा घाट अपने परिजनों के साथ पहुंची थी,अचानक वह फिसलकर गहरे पानी में जा पहुंची। वहां साथ में गयी औरतें यह देखकर शोर मचाने लगीं। घाट पर मौजूद लोग जब तक समझे,तब तक वह गहरे पानी मे डूब गई। घाट पर मौजूद लोगों ने नदी में उजाला को काफी खोजबीन की परन्तु उजाला का कोई पता नहीं चला।
   घटना की जानकारी मिलते ही पहले से गमगीन परिवार में कोहराम मच गया। रोते बिलखते परिजन गंगा घाट पर पहुंचे और मल्लाहों की सहायता से शव को खोजने में लगे रहे। बताया गया कि  उजाला चार भाई बहनों में तीसरे स्थान पर थी और समीप के रेशमा जूनियर हाई स्कूल में कक्षा आठ में पढ़ रही थी। मां निर्मला रोते रोते बेसुध हो गयी।
     मृतका के पिता ओमप्रकाश यादव ने अपनी पुत्री के गंगा में डूबने की सूचना पुलिस को दी। थानाध्यक्ष हरिनारायण शुक्ला ने बताया कि गोताखोर शव को ढुंढने में लगे हुए हैं। शव की तलाश जारी है।

Visits: 111

Leave a Reply