प्रसिद्ध सिद्धपीठ हथियाराम पर पन्द्रह अक्टुबर को पूजन अर्चन में शामिल होंगे उप मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्या

गाजीपुर। प्रसिद्ध सिद्धपीठ हथियाराम मठ पर  सिद्धपीठ के पीठाधिपति महामंडलेश्वर स्वामी श्री भवानी नन्दन यति जी महाराज के संरक्षकत्व में आयोजित वृहद धार्मिक अनुष्ठान के समापन अवसर पर पन्द्रह अक्टुबर को होने वाली पूजा-अर्चना में
उप मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य सम्मिलित होंगे।
उप मुख्यमंत्री वहां विद्वतसभा में भी शामिल होंगे।
   उप मुख्यमंत्री के कार्यक्रम की पुष्टि भाजपा जिलाध्यक्ष भानू प्रताप सिंह ने करते हुए बताया कि दशहरा के दिन दोपहर बाद सिद्धपीठ पर उनका आगमन होगा। इसे लेकर हेलीपैड निर्माण व अन्य आवश्यक तैयारियां की जा रही हैं।
         उल्लेखनीय है कि बेसो नदी के रमणीय तट पर स्थित लगभग सात सौ वर्ष से भी प्राचीन सिद्धपीठ हथियाराम मठ के सिद्ध संतों से चली आ रही परम्परा के अनुरूप वर्तमान पीठाधीश्वर स्वामी भवानी नन्दन यति जी महाराज द्वारा शारदीय नवरात्र के दौरान देवी पूजन का कार्यक्रम संचालित हो रहा है। विजयादशमी के दिन महामंडलेश्वर द्वारा वैदिक मंत्रोच्चार के बीच ध्वज पूजा, शक्ति पूजा, शिव पूजा, शमी पूजा, समाधि पूजन किया जायेगा। उसके उपरांत होने वाली विद्वतसभा आयोजित होगी। उसके बाद बुढ़िया माता को भोग लगा हलवा-पूड़ी का प्रसाद प्राचीन परम्परानुसार हजारों शिष्य श्रद्धालुओं में महाराज श्री के हाथों वितरित किया जायेगा।
     उप मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य दोपहर दो बजे मठ पर पहुंचने के बाद महामंडलेश्वर स्वामी भवानी नन्दन यति जी महाराज के सानिध्य में पूजन-अर्चन व विद्वतसभा में शामिल होंगे। उनके आगमन कार्यक्रम को लेकर जिला प्रशासन द्वारा तैयारियां शुरू कर दी गयी है। हेलीपैड और मंच निर्माण का कार्य चल रहा है।

Visits: 276

Leave a Reply