अवैध असलहे की फैक्ट्री बरामद, तीन गिरफ्तार

जौनपुर। जिले के जलालपुर क्षेत्र में पुलिस ने अवैध असलहे के निर्माण में लगी फैक्ट्री का भंडाफोड़ कर तीन लोगों को गिरफ्तार किया। पुलिस ने मौके से चार निर्मित व तीन अर्द्ध निर्मित रिवाल्वर तथा बनाने वाला औजार बरामद किया। पुलिस उपाधीक्षक सुशील कुमार सिंह ने आज बताया कि शुक्रवार की रात गश्त के दौरान मुखबिर की सूचना पर ताला मझवारा गांव की यादव समाधि से 100 मीटर आगे सई नदी के किनारे बाग में झाड़ियों की आड़ में अवैध शस्त्र बनाने की फैक्ट्री पर छापा मारा। पुलिस ने वहां से तीन लोगों को गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तार किए गए अभियुक्तों में दिलीप यादव, शशिकांत जैसवार व विजय कुमार यादव रहे।
पुलिस ने मौके से 315 बोर के चार तैयार व तीन अधबने तमंचे और निमार्ण में प्रयुक्त होने वाले औजार हथौड़ी, पेचकश, छेनी, पाइप, आरी, लोहे की भट्ठी बरामद की। इस मामले में तीनों अभियुक्तों का आपराधिक इतिहास रहा है। गिरफ्तार अभियुक्तों ने बताया कि चोरी व छिनैती की घटनाओं में लिप्त हैं। काफी समय से चोरी-छिपे असलहा की अवैध फैक्ट्री चला रहे थे। पुराने असलहों की मरम्मत व बनाए गए नए हथियारों की बिक्री से मिलने वाले धन को आपस में बांट लेते थे। पुलिस ने गिरफ्तार तीनों अभियुक्तों के विरुद्ध विधिक कारर्वाई करते हुए जेल भेज दिया।

Visits: 57

Leave a Reply